Air India Tragedy: अहमदाबाद में 12 जून हुए भीषण विमान हादसे में मारे गए लोगों की पहचान हो गई है। बता दें कि, हादसे के बाद से डीएनए टेस्ट के जरिए शवों की पहचान से आखिरी शख्स की भी पहचान हो गई है और परिजनों को शव भी सौंप दिए गए हैं।
अहमदाबाद में हुए भीषण विमान हादसे को दो हफ्ते से ज्यादा समय बीत चुका है। अब अधिकारियों ने बताया है कि डीएनए जांच के जरिए हादसे के आखिरी पीड़ित की पहचान कर ली गई है। इसके साथ ही अब तक 260 मृतकों की पहचान हो गई है। मामले में स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि अंतिम पीड़ित के पार्थिव शरीर को उसके परिजनों को सौंप दिया गया है। इससे पहले, मेडिकल अधिकारियों ने मृतकों की संख्या 270 बताई थी।
एयर इंडिया विमान हादसा
12 जून को एयर इंडिया की फ्लाइट एआई171 लंदन के लिए रवाना हो रही थी, तभी टेक-ऑफ के कुछ समय बाद वह अहमदाबाद के मेघाणीनगर इलाके में स्थित एक हॉस्टल कॉम्प्लेक्स पर जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में फ्लाइट में सवार 241 लोगों की मौत हो गई, जबकि जमीन पर मौजूद 19 लोग भी इसकी चपेट में आ गए। हालांकि, एक शख्स चमत्कारिक रूप से इस हादसे में बच गया था। इस भीषण हादसे में 40 वर्षीय ब्रिटिश नागरिक, विश्वास कुमार रमेश, अकेले जीवित बच पाए।
विज्ञापन
260 मृतकों में कौन-कौन शामिल थे?
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, मृतकों में 200 भारतीय (181 यात्री और 19 जमीन पर मौजूद लोग), 52 ब्रिटिश नागरिक, सात पुर्तगाली नागरिक, एक कनाडाई नागरिक शामिल हैं।
डीएनए जांच ने निभाई अहम भूमिका
इस हादसे में बहुत से शव पूरी तरह से जल चुके थे, जिससे उनकी पहचान मुश्किल हो गई थी। ऐसे में परिजनों के डीएनए से मिलान करके शवों की पहचान की गई। आमतौर पर इसमें महीनों लग जाते हैं, लेकिन इस हादसे में सभी शवों की पहचान करीब दो हफ्ते में कर ली गई।
इस समय क्या स्थिति है?
मामले में सिविल अस्पताल अहमदाबाद के अधीक्षक डॉ. राकेश जोशी ने बताया कि तीन घायलों का अभी इलाज चल रहा है। इस दुखद हादसे ने पूरे देश और दुनिया को झकझोर दिया है। अधिकारियों ने सभी पीड़ितों के परिजनों को उनके शव सौंप दिए हैं।