एअर इंडिया के एक पायलट की शुक्रवार तड़के बंगलूरू से दिल्ली के लिए उड़ान भरने से ठीक पहले अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिससे उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। घटना के चलते फ्लाइट एआई2414 को कुछ देर के लिए रोका गया और यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए एयरलाइन को वैकल्पिक पायलट की व्यवस्था करनी पड़ी।
जानकारी के अनुसार, पायलट उड़ान संचालन के लिए तैयार हो रहे था, तभी उसे स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्या हुई और बेहोश हो गया। एअर इंडिया ने घटना का पुष्टि करते हुए कहा, 4 जुलाई की तड़के हमारे एक पायलट को मेडिकल इमरजेंसी का सामना करना पड़ा, जिसके चलते वह बंगलूरू से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट एआई2414 का संचालन नहीं कर सके। उन्हें तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया।
एअर इंडिया ने आगे बताया, पायलट की हालत अब स्थिर है, वह अभी अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में हैं। घटना के कारण यात्रियों को थोड़ी देर इंतजार करना पड़ा, हालांकि एयर इंडिया ने वैकल्पिक पायलट की व्यवस्था कर फ्लाइट को रवाना कर दिया। एयरलाइन ने यात्रियों से सहयोग के लिए धन्यवाद कहा और पायलट के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
अहमदाबाद विमान दुर्घटना के दो तिहाई पीड़ितों को मुआवजा दिया: एअर इंडिया
एअर इंडिया ने शुक्रवार को कहा कि उसने अहमदाबाद में 12 जून को हुए विमान हादसे में मारे गए करीब दो-तिहाई पीड़ितों के परिवारों को मुआवजा दे दिया है। एअर इंडिया ने 14 जून को घोषणा की थी कि वह अहमदाबाद विमान दुर्घटना में प्रत्येक मृतक और जीवित बचे व्यक्ति के परिवारों को तत्काल वित्तीय आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद के लिए 25 लाख रुपये का अंतरिम मुआवजा प्रदान करेगी।
अहमदाबाद से लंदन गैटविक जा रहा एअर इंडिया ड्रीमलाइनर विमान 12 जून को उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। हादसे में विमान में सवार और जमीन पर मौजूद 260 लोगों की मौत हो गई थी। एअर इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी व प्रबंध निदेशक कैम्पबेल विल्सन ने एयरलाइन कर्मचारियों को एक आंतरिक पोस्ट में बताया, हमारी टीम परिवारों को अंतरिम मुआवजा दिलाने में मदद कर रही हैं। प्रत्येक प्रभावित परिवार को एअर इंडिया के प्रतिनिधि की तरफ से सीधे सहायता दी जा रही है, जिनमें से लगभग दो-तिहाई परिवारों को पहले ही भुगतान मिल चुका है या उनका भुगतान अंतिम चरण में है।