सऊदी अरब में नागरिक हवाई अड्डों पर हमलों और बिगड़ती सुरक्षा स्थिति के चलते एयर इंडिया ने रियाद, दम्माम और जेद्दा की उड़ानों को 20 अक्तूबर, 2026 तक रद्द कर दिया है। एयरलाइन ने कहा कि उड़ान रद्द होने से प्रभावित यात्रियों को पूरी राशि वापस की जा रही है ।
एअर इंडिया ने सऊदी अरब में नागरिक हवाई अड्डों और विमानन बुनियादी ढांचे पर हाल ही में हुए हमलों के बाद बड़ा फैसला लिया है। बिगड़ती सुरक्षा स्थिति का हवाला देते हुए एअर इंडिया ने रियाद, दम्माम और जेद्दा से आने-जाने वाली अपनी सभी उड़ानों को 20 अक्तूबर, 2026 तक रद्द करने की अवधि बढ़ा दी है। यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब अंतर्राष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन (आईसीएओ) परिषद ने सऊदी अरब में नागरिक हवाई अड्डों, विमानों और विमानन बुनियादी ढांचे पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की है और देश की सरकार और लोगों के साथ एकजुटता व्यक्त की है। एक्स हैंडल पर किए गए पोस्ट में एअर इंडिया ने कहा कि वह घटनाक्रम पर बारीकी से नजर रख रही है और स्थिति का आकलन कर रही है ताकि यह निर्धारित किया जा सके कि परिचालन कब सुरक्षित रूप से फिर से शुरू किया जा सकता है।
एअर इंडिया ने पोस्ट में दी जानकारी
एअर इंडिया ने कहा, 'सऊदी अरब में बदलती स्थिति को देखते हुए, रियाद , दम्माम और जेद्दा से आने-जाने वाली सभी उड़ानें 20 अक्तूबर 2026 तक रद्द कर दी गई हैं। हम घटनाक्रम पर बारीकी से नजर रख रहे हैं और परिचालन को सुरक्षित रूप से फिर से शुरू करने के लिए स्थिति का लगातार आकलन कर रहे हैं।' एयरलाइन ने कहा कि उड़ान रद्द होने से प्रभावित यात्रियों को पूरी राशि वापस की जा रही है और इस बात पर जोर दिया कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता बनी हुई है। आईसीएओ परिषद ने गुरुवार को जारी एक बयान में हालिया हमलों की कड़ी निंदा की और पीड़ितों और उनके परिवारों के प्रति अपनी गहरी सहानुभूति और संवेदना व्यक्त की।
विज्ञापन
विमानन निकाय ने क्या बताया?
विमानन निकाय के बयान के अनुसार, परिषद ने नागरिक विमानन बुनियादी ढांचे को निशाना बनाए जाने और विमानन संचालन पर इसके परिणामस्वरूप होने वाले प्रभाव के साथ-साथ विमानन सुरक्षा और अंतर्राष्ट्रीय शांति और सुरक्षा के लिए ऐसे हमलों से उत्पन्न खतरे की निंदा की। एअर इंडिया द्वारा उड़ानों को स्थगित करने का यह नवीनतम कदम पश्चिम एशिया में बढ़ती सुरक्षा चिंताओं के बीच भारतीय विमानन कंपनियों इंडिगो और अकासा एयर द्वारा पहले घोषित की गई उड़ान निलंबन की घोषणा के बाद आया है।
अन्य एयरलाइंस ने क्या कहा?
इंडिगो ने 17 अक्तूबर तक रियाद , जेद्दा, दम्माम और मदीना से आने-जाने वाली सभी उड़ानों को रद्द करने की घोषणा की थी और यात्रियों को हवाई अड्डे के लिए रवाना होने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति की जांच करने की सलाह दी थी। एयरलाइन ने कहा कि वह संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर रही है और बुकिंग के समय दिए गए संपर्क विवरण के माध्यम से यात्रियों को अपडेट प्रदान कर रही है। वहीं, अकासा एयर ने भी बिगड़ती सुरक्षा स्थिति और सुरक्षित उड़ान संचालन के लिए संबंधित जोखिमों का हवाला देते हुए रियाद और जेद्दा से आने-जाने वाली उड़ानों का निलंबन 17 अक्तूबर तक बढ़ा दिया था। अकासा एयर ने कहा कि प्रभावित यात्री पूर्ण धनवापसी का विकल्प चुन सकते हैं या बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के अपनी यात्रा को पुनर्निर्धारित कर सकते हैं।