एअर इंडिया ने 2019 में बोइंग के निर्देश के बाद दुर्घटनाग्रस्त बोइंग 787-8 विमान के थ्रॉटल कंट्रोल मॉड्यूल (टीसीएम) को पिछले छह वर्षों में दो बार बदला है। टीसीएम में ईंधन नियंत्रण स्विच भी शामिल हैं। इसकी चर्चा इसलिए हो रही है क्योंकि अहमदाबाद हादसे की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में AAIB ने इसकी तरफ ध्यान खींचा है। रिपोर्ट के मुताबिक ये स्विच लंदन जाने वाले विमान- ड्रीमलाइनर वीटी-एएनबी के टेकऑफ करने के तुरंत बाद बंद हो गए थे। बता दें कि विमान बीते 12 जून को अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।
अहमदाबाद विमान हादसे की चल रही जांच के बीच अमेरिकी संघीय उड्डयन प्रशासन (एफएए) और बोइंग ने कहा कि बोइंग विमानों के ईंधन स्विच लॉक सुरक्षित होते हैं। एफएए की यह जानकारी बीते शुक्रवार को अहमदाबाद विमान हादसे की प्रारंभिक रिपोर्ट जारी होने के बाद आई है।
रिपोर्ट में इंजन ईंधन कटऑफ स्विच पर सवाल उठाए गए थे। नागरिक उड्डयन प्राधिकारियों को भेजे गए एफएए के नोटिफिकेशन में कहा गया है कि ईंधन नियंत्रण स्विच का डिजाइन, लॉकिंग फीचर सहित, विभिन्न बोइंग विमान मॉडलों पर एक समान हैं और यह सुरक्षित होते हैं।
मामले की जानकारी रखने वाले दो सूत्रों ने बताया कि बोइंग ने पिछले कुछ दिनों में एयरलाइनों को भेजे गए एक मल्टी-ऑपरेटर-मैसेज में एफएए की अधिसूचना का भी जिक्र किया, जिसमें कहा गया था कि विमान निर्माता कंपनी किसी भी कार्रवाई की सिफारिश नहीं कर रही है।
बता दें कि भारत के विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) की ओर से दुर्घटना की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में 2018 एफएए की सलाह का हवाला दिया गया है, जिसमें 787 सहित कई बोइंग मॉडल के ऑपरेटरों को ईंधन कटऑफ स्विच की लॉकिंग सुविधा का निरीक्षण करने की सिफारिश की गई थी, लेकिन इसे अनिवार्य नहीं किया गया था।