देश में कैश की किल्लत से जूझ रहे आम आदमी के लिए रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई ) ने बड़ा फैसला लिया है। आरबीआई ने बैंकों में कैश की कमी को दूर करने के लिए इंडियन एयरफोर्स के हेलिकॉप्टर का इस्तेमाल किया है। आरबीआई ने नए नोट हेलिकॉप्टर से झारखंड के बोकारो में बैंको और एटीएम के लिए भेजे हैं। बैंकों में नकदी पहुंचाने के लिए आरबीआई ने एयरोफोर्स की मदद ली है।
रविवार को रिजर्व बैंक ने देश की जनता से अपील की थी कि परेशान न हों पर्याप्त कैश मौजूद है। आरबीआई ने लोगों से धैर्य बनए रखने का आग्रह भी किया। 8 नवंबर को प्रधानमंत्री मोदी ने 500 और 1000 रुपए के नोट बैन की करने की घोषणा की थी, जिसके बाद से बैंकों और एटीएम के बाहर लोगों की लंबी-लंबी लाइन लगी हैं।
सरकार के नोटबंदी के फैसले के बाद देश की 85 प्रतिशत से ज्यादा करेंसी चलन से बाहर हो गई है। सरकार ने काला धन और आतंकवादियों पर लगाम लगाने के लिए नोटबंदी का कड़ा फैसला लिया था। प्रधानमंत्री ने देश की जनता से अपील की है कि केवल 50 दिन मेरा साथ दें। सरकार के इस फैसले के बाद से कांग्रेस समेत कई विपक्षी पार्टियां अचानक नोटबंदी के निर्णय पर सवाल उठा रही हैं। इसके बाद मोदी ने जवाब देने के लिए खुद मोर्चा संभाला।
प्रधानमंत्री ने गाजीपुर में रैली को संबोधित करते हुए लोगों से कहा, 'आप लोगों ने ही तो मुझे भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए प्रधानमंत्री बनाया था अब मैं वो काम करूं या न करूं। मैंने अगर भ्रष्टाचारियों पर लगाम कस दी तो कुछ गलत तो नहीं किया। 500 और 1000 का नोट बंद करने का निर्णय लिया वो भ्रष्टाचार की कमर तोड़ने के लिए है।'