भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आरकेएस भदौरिया
- फोटो : ANI
वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आरकेएस भदौरिया ने बुधवार को कहा कि रक्षा क्षेत्र में स्वदेशी क्षमता विकसित करने के लिए सरकार ने कई सुधार और नीतिगत बदलाव किए हैं। इससे हमारे भागीदारों को मेक इन इंडिया कार्यक्रम के तहत अगली पीढ़ी की तकनीकों और उपकरण बनाने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
एयरो इंडिया-2021 के उद्घाटन सत्र में उन्होंने कहा कि आज हमारे पास पूरे एयरस्पेस में निर्बाध रूप से निगरानी करने की क्षमता है। ऐसी क्षमता वायुसेना को सिर्फ स्वदेशी विकसित उपकरण और घरेलू इंडस्ट्री के साथ से अर्जित हुआ है।
उन्होंने कहा कि भारत और वायुसेना दोनों प्राकृतिक आपदाओं तथा घटनाओं को लेकर अपने दोस्तों और भागीदारों के प्रति जिम्मेदारी को लेकर सचेत हैं। उन्होंने कहा कि आगामी दशकों में भारतीय एयरस्पेस सेक्टर वैश्विक एयरस्पेस सप्लाई चेन में महत्वपूर्ण प्लेयर बनकर उभर सकता है। भौगोलिक-राजनीतिक सामरिक दृष्टिकोण से देखा जाए तो हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सुरक्षा के केंद्र में भारत है।