कोलकाता में ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के सम्मेलन में फैसला लिया गया कि तीन तलाक और बाबरी मस्जिद जैसे गंभीर मुद्दे पर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। इस मुहिम को मजबूती प्रदान करने के लिए मीडिया का सहारा लिया जाएगा।
देवबंद से सम्मेलन में शिरकत करने पहुंचे दारुल उलूम जकरिया के वरिष्ठ उस्ताद एवं फतवा ऑनलाइन के प्रभारी मौलाना मुफ्ती अरशद फारुकी ने रविवार को फोन पर बताया कि सम्मेलन में ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के पदाधिकारियों व सदस्यों ने एकजुट रहने पर बल दिया और ‘दीन बचाओ, दस्तूर बचाओ’ तहरीक को अधिक गति देने के लिए प्रस्ताव पास किया।
तीन तलाक और बाबरी मस्जिद समेत दूसरे गंभीर मुद्दों पर बोर्ड ने रुख साफ करते हुए कहा कि इन मुद्दों पर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बोर्ड अपने रुख पर अडिग रहेगा और इसके प्रति जागरूकता फैलाने के लिए मुहिम को तेज करेगा। उन्होंने कहा कि मीडिया को मुहिम से जोड़ा जाएगा ताकि जनता तक अपनी बात को सही तरीके से पहुंचाया जा सके।