एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने कई मुद्दों पर खुलकर बयान दिया। विपक्षी दलों के गठबंधन 'इंडिया' पर सवाल किए जाने पर ओवैसी ने कहा कि मुझे इसकी परवाह नहीं। हालात देखकर तो लगता है कि वहां दम घुटेगा। मुझे नहीं पता वे अपनी विचारधारा पर भाजपा के खिलाफ क्यों नहीं खड़े हो रहे हैं?
गठबंधन में न शामिल होने वाले सवाल पर ओवैसी ने कहा कि अगर वे हमें टिकट देंगे तो उन्हें हिंदू वोट नहीं मिलेगा। राहुल गांधी अमेठी में हार गए, लेकिन वायनाड में जीत गए। वह वायनाड से इसलिए जीते, क्योंकि वहां मुस्लिम लीग है और उसी मुस्लिम लीग ने उन्हें डूबने से बचाया है।
ओवैसी बोले- बिना लड़े नहीं जीत पाएंगे
एक कार्यक्रम के दौरान मुसलमानों के चुनाव में हिस्सा लेने पर ओवैसी ने कहा कि जब तक आप लड़ेंगे नहीं, तब तक आप जीत नहीं पाएंगे। अगर आप हार भी जाते हैं तो भी चुनाव में खड़ा होना जरूरी है। अगर आप हार के डर से चुनाव नहीं लड़ेंगे, तो आप कभी नहीं जीत पाएंगे। जीतने से पहले आपको दो या तीन बार हारना जरूरी है।
राजनीति से अलग होकर खड़ा होना चाहिए
सांप्रदायिक राजनीति पर ओवैसी ने कहा कि वर्ष 1950 से ही मुसलमानों के लिए माहौल खराब रहा है। उसी कार्यक्रम में राजद सांसद मनोज झा ने केंद्र सरकार पर हमला करते हुए कहा कि इस माहौल में राजनीति से अलग होकर लड़ना होगा। हो सकता है कि 2024 के बाद इस देश में चुनाव न हो। हमें एकजुटता विकसित करनी होगी।