ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष और हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के संघ मुख्यालय जाने को लेकर कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला है।
एआईएमआईएम के अध्यक्ष ने शुक्रवार को हैदराबाद की मक्का मस्जिद में आयोजित हुई एक सभा के दौरान कहा, 'कांग्रेस खत्म हो गई है, जिस तरह से भारत के पूर्व राष्ट्रपति और 50 सालों तक कांग्रेस में रहे एक धर्मनिरपेक्ष नेता प्रणब मुखर्जी ने आरएसएस मुख्यालय का दौरा किया। क्या अब भी आप इस पार्टी से उम्मीद रख सकते हैं?'
इस दौरान ओवैसी ने कांग्रेस से साथ साथ बीजेपी पर भी जमकर बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन की सरकार के चार साल में सांप्रदायिक घटनाओं में काफी इजाफा हुआ है।
उल्लेखनीय है कि जब से पूर्व राष्ट्रपति ने आरएसएस के कार्यक्रम में जाने का न्योता स्वीकार किया था तभी से विरोध का सिलसिला शुरू हो गया था। आपको बता दें कि पूर्व राष्ट्रपति के आरएसएस के कार्यक्रम में शामिल होने का न्योता स्वीकार करने के बाद देश में बहस छिड़ गई थी। कांग्रेस और विपक्षी दलों के नेताओं ने प्रणब मुखर्जी पर निशाना भी साधा था। हालांकि उनके संबोधन के बाद कांग्रेस काफी सुकून महसूस कर रही है और पी. चिदंबरम जैसे कई कांग्रेसी नेताओं ने प्रणब के भाषण की सराहना भी की। हालांकि उनके भाषण के बाद भी सियासत थमने का नाम नहीं ले रही है।