फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

'परिवार का फायदा देख रहे शरद पवार': परिसीमन विधेयक के समर्थन पर ओवैसी की पार्टी ने कसा तंज; शिवसेना क्या बोली?

Sat, 28 Nov 2026 11:50 PM IST
अमन मौर्या पीटीआई, छत्रपति संभाजीनगर, महाराष्ट्र

सार

परिसीमन विधेयकों को एनसीपी (एसपी) के समर्थन पर एआईएमआईएम और शिवसेना ने शरद पवार पर तीखा हमला बोला, वहीं डीएमके के रुख बदलने पर भी सवाल उठे और एमवीए में दरार की चर्चा तेज हो गई।
विज्ञापन
शरद पवार, अध्यक्ष, एनसीपी-एसपी - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष इम्तियाज जलील ने शनिवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी एसपी) के अध्यक्ष शरद पवार की परिसीमन विधेयकों का समर्थन करने के फैसले पर आलोचना की। उन्होंने कहा कि शरद पवार देश के हित में नहीं सोच रहे हैं, बल्कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ मिलकर अपने परिवार को होने वाले फायदे के बारे में विचार कर रहे हैं।
विज्ञापन


बता दें कि केंद्र सरकार सोमवार को लोकसभा में एक नया संविधान संशोधन विधेयक पेश करने की तैयारी में है। इसके तहत महिलाओं को एक-तिहाई आरक्षण देने के लिए प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश की लोकसभा सीटों की संख्या के साथ-साथ उनकी विधानसभाओं की सदस्य संख्या में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने का प्रस्ताव है।

शरद पवार परिवार के फायदे के बारे में सोच रहे?
पूर्व सांसद जलील ने कहा, 'शरद पवार देश के हित में नहीं सोच रहे हैं। वह भाजपा से अपने परिवार को होने वाले फायदे के बारे में सोच रहे हैं।' उन्होंने द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) की भी आलोचना की और आरोप लगाया कि पार्टी ने अपना रुख बदलते हुए विधेयकों का समर्थन करने का एलान किया है। एआईएमआईएम नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा राजनीतिक दलों पर इन विधेयकों का समर्थन करने के लिए दबाव बना रही है या उन्हें प्रलोभन दे रही है।
विज्ञापन


उन्होंने कहा, 'पहले डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने दक्षिणी राज्यों के राजनीतिक दलों और मुख्यमंत्रियों की बैठक बुलाई थी। मैं भी वहां मौजूद था और एआईएमआईएम का प्रतिनिधित्व कर रहा था। उन्होंने बैठक में एक अच्छी प्रस्तुति दी थी, जिसमें परिसीमन का विरोध करने का रोडमैप दिखाया गया था।'

एआईएमआईएम नेता ने कहा कि परिसीमन की प्रक्रिया शुरू करने से पहले केंद्र सरकार को सभी राजनीतिक दलों के विचारों पर ध्यान देना चाहिए। इसमें वे दल भी शामिल होने चाहिए जिनका लोकसभा में केवल एक सांसद है। उन्होंने कहा कि परिसीमन के दूरगामी परिणाम होंगे।

परिसीमन विधेयक का समर्थन करने क्या बोली शिवसेना?
छत्रपति संभाजीनगर में शनिवार को शिवसेना (यूबीटी) के नेता चंद्रकांत खैरे ने भी शरद पवार पर निशाना साधा। उन्होंने भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के परिसीमन विधेयक का समर्थन करने के राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के फैसले को विश्वासघात बताया।

खैरे ने कहा कि इस कदम का मतलब है कि शरद पवार की पार्टी अब विपक्षी महा विकास आघाड़ी (एमवीए) का हिस्सा नहीं रह गई है। इस गठबंधन में शिवसेना (यूबीटी) और कांग्रेस भी शामिल हैं।

पत्रकारों से बातचीत में खैरे ने कहा, 'परिसीमन विधेयक का समर्थन करना शरद पवार की पसंद है, लेकिन हमें यह पसंद नहीं आया। पहले कई लोगों ने कहा था कि पवार आपको धोखा देंगे और भाजपा के साथ चले जाएंगे और आप जहां हैं, वहीं रह जाएंगे। अब पार्टी कार्यकर्ता पूछ रहे हैं कि शरद पवार के साथ रहकर हमें क्या मिला? हम सत्ता में भी नहीं रहे।'

आगे उन्होंने कहा, 'यह एक तरह का विश्वासघात है। वह एक बड़े नेता हैं और मैं उनका सम्मान करता हूं, लेकिन शरद पवार का यह फैसला लोगों को पसंद नहीं आया। यह हमारी पार्टी के लिए दुखद है।'
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें