एयर इंडिया में सुरक्षा जांच में लगे सुभाष चंदर नियमित रूप से असाधारण ईमानदारी और निष्ठा प्रर्दशन करते हुए पांच लाख की विदेशी मुद्रा और सोने के गहने सहित नगदी और महंगी वस्तुएं लौटा चुके हैं। एयर इंडिया ने पहली बार इस ईमानदारी कर्मी के लिए आउट-ऑफ-टर्न प्रोन्नति का पुरस्कार देने का फैसला किया है।
एयर इंडिया की ओर से जारी बयान के मुताबिक, सरकारी विमानन कंपनी के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक अश्विनी लोहानी ने चंदर को सुरक्षा अधिकारी पद पर प्रोन्नत किया है। बयान में कहा गया है, ‘15 अगस्त के रंगारंग समारोह के दौरान एयर इंडिया के कार्यकारी सुरक्षा निदेशक आलोक सिंह (आईपीएस) ने चंदर को सुरक्षा अधिकारी रैंक पर प्रोन्नत करने की पुष्टि की।’
विज्ञान में स्नातक चंदर विमानन सुरक्षा से जुड़े कई कोर्स किए हैं और अपनी ड्यूटी पर रहते हुए उन्होंने यात्रियों के कई कीमती सामान और नगद लौटाए हैं। चंदर ने कई ऐसे यात्रियों को भी उनका सामान लौटाया, जिन्हें पता ही नहीं होता था कि उनका सामान या नगदी खो गया है। इसी साल जून में चंदर ने हांगकांग से आए एक यात्री की 5 लाख रुपये से अधिक की विदेशी मुद्रा का बैग लौटाया था। चंदर पिछले 29 वर्षों से एयर इंडिया में सेवा दे रहे हैं।