दूरदराज और ग्रामीण इलाकों के शिक्षक अब घर बैठे आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) में दक्ष हो सकेंगे। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश समेत छह राज्यों में ‘एआई लिटरेसी फॉर टीचर’ पायलट परियोजना शुरू हुई है। यह प्रशिक्षण हिंदी, अंग्रेजी सहित 12 भारतीय भाषाओं में दिया जा रहा है।
एक महीने में 200 मास्टर ट्रेनर ने करीब चार हजार शिक्षकों को एआई का प्रशिक्षण दिया है। अगले चरण में दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, पंजाब और जम्मू कश्मीर के शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। स्कूली शिक्षकों के लिए दो प्रकार से एआई प्रशिक्षण चलेगा। इसमें मास्टर ट्रेनर स्कूलों में जाकर प्रशिक्षण देंगे। दूसरा तरीका एनसीईआरटी के दीक्षा एप पर ऑनलाइन प्रशिक्षण का है।
क्या बोले आईआईटी मद्रास के अधिकारी?
आईआईटी मद्रास के बोधन एआई के मुख्य परिचालन अधिकारी कार्तिक महादेवन मोहनकृष्णन ने बताया कि एआई शिक्षकों की क्षमता बढ़ाएगा, उनकी जगह नहीं लेगा। इसका लक्ष्य अगले 12 से 18 महीनों में 10 लाख से अधिक शिक्षकों को एआई के उपयोग में दक्ष बनाना है। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय, एनसीईआरटी, लर्निंग लिंक्स फाउंडेशन और विद्या शक्ति इस पहल में सहयोग कर रहे हैं।
एआई प्रशिक्षण के लाभ
एआई शिक्षकों को पाठ योजना तैयार करने और उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में मदद करेगा। यह विद्यार्थियों को व्यक्तिगत प्रतिपुष्टि देने और रोजमर्रा के काम आसान बनाने में सहायक होगा। एआई से शिक्षक हर बच्चे की क्षमता के आधार पर अलग-अलग तरीके से पढ़ाई में मदद कर पाएंगे। इससे छात्रों को उनकी जरूरत के अनुसार अलग होमवर्क और सरल भाषा में सामग्री मिलेगी। शिक्षकों के नियमित प्रशासनिक कार्य भी आसान होंगे।
प्रशिक्षण के चरण और तकनीक
प्रशिक्षण कार्यक्रम तीन चरणों में तैयार किया गया है। इसमें एआई की जानकारी, शिक्षा में इसका प्रयोग और छात्रों के डेटा की गोपनीयता बनाए रखना शामिल है। शिक्षक व्यावहारिक प्रशिक्षण में पाठ योजनाएं, अध्ययन सामग्री और प्रश्नपत्र तैयार करना सीखेंगे। बोधन एआई मंच पाठ निर्माण, वाक् पहचान और ऑप्टिकल कैरेक्टर रिकग्निशन (ओसीआर) जैसी सुविधाएं देता है। यह पाठ्यक्रम 22 भारतीय भाषाओं में तैयार हो रहा है, जिसमें से 12 भाषाओं में छह मॉड्यूल उपलब्ध हैं।