नई दिल्ली में एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के दौरान अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। विदेश मंत्रालय ने बताया कि दोनों देशों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता और उन्नत तकनीक में रणनीतिक सहयोग को और मजबूत करने पर जोर दिया।
राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के बीच भारत-यूएई संबंधों को नई मजबूती मिली। समिट में हिस्सा लेने पहुंचे अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से द्विपक्षीय मुलाकात की। इस बैठक में उन्नत तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और रणनीतिक सहयोग को और गहरा करने पर चर्चा हुई। इस बात की जानकारी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने दी। अबू धाबी के क्राउन प्रिंस बुधवार को दिल्ली पहुंचे थे।
ये भी पढ़ें:- AI Summit 2026: एआई समिट में पीएम मोदी ने दिया भगवान बुद्ध का यह संदेश, कहा- सही समझ से होता है सही काम
व्यापक वैश्विक भागीदारी
गौरतलब है कि इस शिखर सम्मेलन में 110 से अधिक देशों, 30 अंतरराष्ट्रीय संगठनों, लगभग 20 राष्ट्राध्यक्ष/सरकार प्रमुख स्तर के नेताओं और करीब 45 मंत्रियों ने भाग लिया है। यह सम्मेलन एआई के सुरक्षित, जिम्मेदार और सहयोगात्मक उपयोग के लिए वैश्विक साझेदारी को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।