अहमदाबाद के अमराईवाड़ी इलाके में शुक्रवार सुबह एक महिला ने कथित तौर पर आत्महत्या करने के लिए 13वीं मंजिल से छलांग लगाई। उसी दौरान मॉर्निंग वॉक कर रहे एक बुजुर्ग पर महिला गिर गई, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
सूरत के पर्वत पाटिया की रहने वाली ममता राठी (30) अपना इलाज कराने के लिए दो अक्तूबर को अपने भाई के घर अहमदाबाद आई थी। ममता का सूरत में इलाज चल रहा था, लेकिन उसे कुछ आराम नहीं मिल रहा था।
ममता को रात में खून की उल्टियां हुई थी, जिससे उन्हें रात में नींद नहीं आ रही थी। भाई के घर दो दिन रहने के बाद ममता ने अचानक 13वीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली।
जिस वक्त ममता ने छलांग लगाई उस वक्त घर वाले सो रहे थे। जब ममता ने छलांग लगाई उसी दौरान अपार्टमेंट में रहने वाले बालूभाई दीवानभाई गामित (69) मॉर्निंग वॉक कर लौट रहे थे। ममता उनके ऊपर ही गिर गई। इससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद अमराईवाड़ी पुलिस मौके पर पहुंची।
अमराईवाड़ी पुलिस थाना के प्रभारी आरटी उदावत ने कहा कि मृतक महिला सूरत में अपने पति के साथ रहती थी। वह दवा पर थी और पिछले कुछ दिनों से उसकी मानसिक हालत ठीक नहीं थी। वह अपने माता-पिता से मिलने यहां आई थी। हमने उसके घर से कोई सुसाइड नोट नहीं पाया।