अहमदाबाद विमान हादसे की रिपोर्ट पर क्या बोली सरकार?
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
अहमदाबाद विमान हादसे की जांच को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। केंद्र सरकार ने बुधवार को राज्यसभा में बताया कि हादसे की वजह विमान के फ्यूल कंट्रोल स्विच में खराबी नहीं थी। नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने कहा कि विमान निर्माता कंपनी की जांच में भी इस सिस्टम में कोई तकनीकी खामी नहीं मिली है।
खराबी के सबूतों पर क्या बोले मंत्री?
सरकार ने बताया, विमान के फ्यूल कंट्रोल सिस्टम में किसी खराबी के सबूत नहीं मिले हैं। विमान निर्माता कंपनी की ओर से किए गए एडवांस टेस्ट में भी यह सिस्टम सामान्य पाया गया। हालांकि, हादसे के बाद जारी एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो की प्रारंभिक रिपोर्ट में कहा गया था कि उड़ान भरने के कुछ समय बाद दोनों इंजनों के फ्यूल कंट्रोल स्विच बंद हो गए थे। इसके चलते दोनों इंजन बंद हो गए थे।
अहमदाबाद विमान हादसे में कितने यात्रियों ने गवाईं थी जान?
12 जून 2025 को लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 अहमदाबाद के मेघानीनगर इलाके में स्थित बीजे मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। हादसे में विमान में सवार 241 यात्रियों और जमीन पर मौजूद 19 लोगों की मौत हुई थी। इस दुर्घटना में सिर्फ एक यात्री जीवित बचा था।
अंतिम जांच रिपोर्ट पर क्या बोली सरकार?
- सरकार ने अहमदाबाद विमान हादसे की अंतिम जांच रिपोर्ट जारी होने में देरी की बात से इनकार किया है।राज्यसभा सांसद जेबी मेथर हिशाम ने सवाल पूछा कि, हादसे को एक साल से ज्यादा समय बीतने के बाद भी अंतिम रिपोर्ट क्यों जारी नहीं की गई। साथ ही उन्होंने यह भी जानना चाहा कि क्या जांच में पायलटों की भूमिका की भी समीक्षा की जा रही है और रिपोर्ट कब तक सार्वजनिक होगी।
- इसके जवाब में सरकार ने कहा कि बड़े विमान हादसों की जांच एक तय समय सीमा में पूरी करना संभव नहीं होता। ऐसी जांच कई तकनीकी पहलुओं और परिस्थितियों पर निर्भर करती है। नागर विमानन मंत्रालय ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद ही अंतिम रिपोर्ट सार्वजनिक की जाएगी।