केंद्रीय अर्धसैनिक बल 'सीआरपीएफ' और इसकी विशेष इकाई 'आरएएफ', की 83 कंपनियां दिल्ली में तैनात रहेंगी
- फोटो : आईएएनएस
देश का सबसे बड़ा केंद्रीय अर्धसैनिक बल 'सीआरपीएफ' और इसकी विशेष इकाई 'आरएएफ', की 83 कंपनियां दिल्ली में तैनात रहेंगी। यह 15 अगस्त तक की गई है। सीआरपीएफ की तैनाती में तीन महिला कंपनी भी होंगी। फिलहाल दिल्ली में सीआरपीएफ की 50 कंपनियां मौजूद हैं। ये कंपनियां दिल्ली पुलिस के साथ सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करेंगी।
सीजेपी के प्रदर्शन के समय तैनात की गईं थी अतिरिक्त कंपनियां
बता दें कि कॉकरोच जनता पार्टी और विभिन्न राजनीतिक दलों के विरोध-प्रदर्शनों के मद्देनजर दिल्ली पुलिस की मांग पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने हाल ही में अर्धसैनिक बलों की 45 कंपनियों को तैनात करने की मंजूरी दी थी। इन 45 कंपनियों को 27 जुलाई तक दिल्ली में तैनात रहने का आदेश दिया गया था। प्रदर्शन के दौरान सीआरपीएफ की 24, आरएएफ 15, बीएसएफ 3, आईटीबीपी 1 और एसएसबी की 2 कंपनियां दिल्ली में तैनात की गई थीं।
कानून व्यवस्था की समीक्षा के बाद अतिरिक्त कंपनियों को दिल्ली बुलाया गया। शुक्रवार को सुरक्षा कारणों के चलते सीआरपीएफ की अतिरिक्त कंपनियों को दिल्ली में तैनात करने का आदेश जारी किया गया। इनमें 16 कंपनियां, हिंडन एयरपोर्ट पर पहुंची थी, जिसमें दस कंपनी सीआरपीएफ और छह कंपनी आरएएफ की हैं। सीएपीएफ की इन कंपनियों से कहा गया है कि वे सभी प्रकार के अत्याधुनिक दंगा रोधी उपकरणों, ओपी स्केल आर्म्स व गोला बारूद से लैस रहें।
अतिरिक्त 26 कंपनियां दिल्ली पहुंच रही
दिल्ली में आरएएफ की 15 कंपनियों और सीआरपीएफ की 24 कंपनियों को पहले 27 जुलाई तक तैनात किया गया था। अब अतिरिक्त 26 कंपनियां दिल्ली पहुंच रही हैं। इनमें तीन महिला कंपनी भी शामिल हैं। पहले से मौजूद आरएएफ की 6 कंपनियों को 16 अगस्त तक दिल्ली में ही रहने का आदेश दिया गया है। आरएफ की अतिरिक्त 12 कंपनियां, जो देर सवेर दिल्ली में पहुंच जाएंगी, वे भी 16 अगस्त तक यहीं पर रहेंगी।