अगस्ता वेस्टलैंड वीवीआईपी हेलिकॉप्टर घोटाले में आरोपी राजीव सक्सेना ने पूछताछ में बड़ा खुलासा किया है। इस खुलासे के बाद कांग्रेस की मुसीबत बढ़ने वाली है। दरअसल, आरोपी राजीव सक्सेना ने ईडी की पूछताछ के दौरान दिए गए अपने बयान में कमलनाथ के भांजे रतुल पुरी, उनके बेटे बकुल नाथ, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद और अहमद पटेल का नाम लिया है। वहीं, भाजपा ने इस मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा है।
अगस्ता वेस्टलैंड वीवीआईपी हेलिकॉप्टर घोटाले को लेकर केंद्रीय कानून मंत्री और भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस पर हमला बोला है। मंगलवार को संवाददाता सम्मेलन करते हुए रविशंकर प्रसाद ने कहा कि जब भी आप सेना में किकबैक की बात सुनेंगे तो आपको कांग्रेस की याद आएगी। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार में बिना किकबैक के कोई काम नहीं होता था। कोई भी डील बिना डील के नहीं होती थी।
दरअसल, अगस्ता वेस्टलैंड वीवीआईपी हेलिकॉप्टर घोटाले में आरोपी राजीव सक्सेना ने पूछताछ में कमलनाथ के भांजे रतुल पुरी, उनके बेटे बकुल नाथ, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद और अहमद पटेल का नाम लिया है।
कांग्रेस राज में कोई भी डील बिना डील के नहीं होती
केंद्रीय मंत्री ने कहा, जब भी आप एक सैन्य सौदे में एक किकबैक के बारे में सोचते हैं, तो कुछ कांग्रेसी नेताओं का ख्याल आता है। बोफोर्स से लेकर सबमरीन घोटाले और अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकॉप्टरों से लेकर जीप घोटाले तक, यूपीए सरकार में बिना किकबैक के कोई काम नहीं होता था। कांग्रेस राज में कोई भी डील बिना डील के नहीं होती थी।
अगस्ता वेस्टलैंड डील को लेकर रविशंकर प्रसाद ने कहा, 2010 में 3,600 करोड़ रुपये की राशि से राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के लिए वीवीआईपी अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर खरीदने की बात हुई थी। दो साल बाद 2012 में मीडिया रिपोर्ट आ गई की किकबैक हुआ है।
उन्होंने कहा, 2013 में इस मामले में सीबीआई जांच शुरू हुई। दोस्तों ये मामला थोड़ा पुराना है, लेकिन यूपीए की विरासत खत्म नहीं होती है। हम छह साल से सत्ता में आए हैं, लेकिन अब तक यूपीए के कारनामे बाहर आ रहे हैं। जनवरी 2014 में सौदे को रद्द कर दिया गया। आज की कहानी से पहले आपको कुछ बता देता हूं, जिससे आपको समझने में आसानी हो।
कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे पर दे जवाब
केंद्रीय मंत्री ने कहा, राजीव सक्सेना ने ईडी को बताया कि नेताओं और शीर्ष अधिकारियों को पैसे दिए गए। टोटल किकबैक 70 मिलियन यूरो का था। उन्होंने कहा, अगर एपी का मतलब अहमद पटेल है तो एफएएम का मतलब भी लोगों के समक्ष आना चाहिए। क्या एफएएम का मतलब फैमिली है और अगर ऐसा है तो सब जानते हैं कि कांग्रेस पार्टी में परिवार किसका है।
प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की अध्यक्षा, युवराज और नेताओं को जवाब देना होगा। ये लोग देश को बताएं कि प्रमाणिक रूप से कोर्ट के सामने कांग्रेस के कई नेताओं का जिक्र आया है, इनका इस पर क्या कहना है?