एजेंसी, नई दिल्ली। भारतीय वायु सेना की रीढ़ माने जाने वाले सुखोई लड़ाकू विमानों के रखरखाव के लिए भारत ने रूस के साथ दो महत्वपूर्ण समझौते किए हैं।
रक्षा मंत्री अरुण जेटली और रूस के उद्योग मंत्री डेनिस मेनट्रोव की मौजूदगी में शुक्रवार को हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) और रूस के रक्षा क्षेत्र की दो दिग्गज कंपनियों यूनाइटेड एयरक्राफ्ट कार्पोरेशन व यूनाइटेड इंजन कार्पोरेशन के बीच इन करार पर हस्ताक्षर किए गए।
ये कंपनियां पांच साल तक तकनीकी सहायता व रखरखाव उपलब्ध कराएंगी और पुर्जों की आपूर्ति करेंगी। इस समय भारतीय वायुसेना 230 सुखोई एमकेआई लड़ाकू विमानों का इस्तेमाल कर रही है।
आर्थिक सहयोग बढ़ाने के लिए भारत-रूस में वार्ता
नई दिल्ली। रूस के उपप्रधानमंत्री यूरी तुत्रनेव ने शुक्रवार को विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच ऊर्जा एवं हीरा उत्पादन क्षेत्र समेत आर्थिक साझेदारी को बढ़ावा देने के तरीकों पर बातचीत हुई।