लगातार भारी बारिश के बाद पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। यमुना में अचानक बढ़े जलस्तर के चलते सोमवार को वायुसेना ने करनाल में बाढ़ग्रस्त इलाके से नौ लोगों को बचाया। साथ ही लुधियाना के 10 गांवों में बाढ़ का पानी घुसने के बाद लोगों को सुरक्षित निकाला गया।
इस बीच,पंजाब के सीएम अमरिंदर सिंह ने सोमवार को रूपनगर जिले में स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों से बात की। सीएम ने पत्रकारों से कहा, हम जल्द स्थिति सामान्य करने पर काम करेंगे। हमारी प्राथमिकता बाढ़ से प्रभावित लोगों को बचाने की है। सिंह के मुताबिक,बाढ़ का पानी कम होने पर नुकसान का आकलन करने के लिए राजस्व सर्वेक्षण का आदेश दिया जाएगा।
गरुड़ कमांडो बना देवदूत
जम्मू की तवी नदी में जलस्तर बढ़ने से फंसे चार मछुआरों को वायुसेना के गरुड़ कमांडो ने बचा लिया। राज्य आपदा टीम के विफल होने के बाद वायुसेना को बुलाया गया, जिसने बचाव कार्य को बखूबी अंजाम दिया।
...जान पर खेलकर बचाया
पानी में श्री भगवान, रविंद्र प्रसाद, जोबन प्रसाद और बली राम फंसे हुए थे। जवान ने पानी में रस्सी की सीढ़ी को फेंका। जैसे ही बली राम और जोबन ने इसे पकड़ा, तो यह टूट गई। इससे जोबन और बली दोनों पानी में गिर गए। दोनों 500 दूर तक तैरते हुए आगे बढ़ते गए। इसके बाद वह तवी के किनारे पहुंच गए। इन्हें बचाने उतरे एयरफोर्स कर्मी ने यदि रस्सी न बांधी होती तो वह भी इनके साथ पानी में गिर जाता।
हिमाचल में पिछले एक हफ्ते में इस मानसून सीजन की सर्वाधिक बारिश हुई है। इस दौरान प्रदेश में सामान्य से 184 फीसदी अधिक बारिश रिकॉर्ड हुई। अकेले अगस्त माह में अब तक 274.8 मिमी बारिश हुई है। 18 और 19 अगस्त को हुई मूसलाधार बारिश सेे राज्य में 13 फीसदी कमी दूर हो गई।
बिलासपुर, हमीरपुर, कुल्लू, ऊना और शिमला जिलों में सीजन में सामान्य से ज्यादा पानी बरसा है। हालांकि, प्रदेश में सोमवार शाम तक एक जून से 19 अगस्त तक सामान्य से दो फीसदी कम बारिश दर्ज हुई है।
उत्तराखंड में 175 करोड़ के नुकसान का अनुमान
उत्तराखंड सरकार के मुताबिक, बारिश और बाढ़ से राज्य में करीब 175 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान है। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सोमवार को गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर जान-माल हानि की जानकरी दी।
सीएम ने बताया, दैवीय आपदा से इस वर्ष राज्य के कई स्थानों पर 32 से अधिक लोगों की मौत हुई है। गृह मंत्री ने आपदा की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है और हर आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया है।