श्रीलंका में ईस्टर के मौके पर गिरजाघरों, होटलों और गेस्ट हाउस पर हुए धमाकों के बाद दिल्ली की सुरक्षा चाक चौबंद कर दी गई है। राजधानी के तमाम धार्मिक स्थलों के साथ साथ होटलों व गेस्ट हाउस पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। खासकर धार्मिक स्थलों पर अत्याधुनिक हथियार से लैस पुलिस बल तैनात कर दिए गए हैं। दिल्ली में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि दिल्ली के सभी छोटे-बड़े चर्चों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। चर्चों के बाहर और अंदर में सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। सुरक्षा बल यहां आने जाने वालों पर पैनी नजर रख रहे हैं। जिस चर्चों में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं वहां कैमरों से भी नजर रखी जा रही है।
इसके अलावा दिल्ली के तमाम पांच सितारा होटल प्रबंधक को सुरक्षा चाक चौबंद रखने के लिए कहा गया है। वहां आने वाले संदिग्धों की जानकारी तुरंत मुहैया करवाने के निर्देश दिए गए हैं। पहाडग़ंज में स्थित छोटे होटलों और गेस्ट हाउस के मालिकों को सुरक्षा में किसी तरह की कोताही नहीं बरतने को कहा गया है।
दिल्ली के पर्यटक स्थलों के अलावा रेलवे स्टेशनों, मेट्रो स्टेशनों, एयरपोर्ट और भीड़-भाड़ वाले बाजारों पर पुलिस व सुरक्षा बल गश्त कर रहे हैं। साथ ही स्थानीय थाना पुलिस को भी अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। गश्त के दौरान किसी भी संदिग्ध वस्तु व व्यक्ति मिलने पर उसकी जानकारी तमाम अधिकारियों को देने के निर्देश दिए गए हैं।
नई दिल्ली जिला के पुलिस उपायुक्त मधुर वर्मा ने बताया कि दिल्ली पुलिस आतंकियों ने किसी भी मंसूबे को कामयाब नहीं होने देगी। श्रीलंका में हुए धमाके के बाद दिल्ली के सभी चर्चों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। स्थानीय पुलिस के साथ साथ कमांडो दस्ता भी इन जगहों पर विशेष निगरानी कर रही है। इन जगहों पर पराक्रम दस्ता को तैनात कर दिया गया है।