जेल में मिल रही सुविधाओं का खुलासा होने के बाद एआईएडीएमके प्रमुख शशिकला को एक आम कैदी की तरह रहना पड़ रहा है। सोमवार से उनको मिल रही सभी सुविधाओं पर रोक लगा दी गई है। अब उन्हें भी जेल में अन्य कैदियों की तरह ही रहना होगा।
डीआईजी डी रूपा ने शशिकला को मिल रही सुविधाओं का आरोप अपने वरिष्ठ अधिकारियों पर लगाया था। उनके आरोपों के अनुसार शशिकला को मिलने वाली सुविधाओं के बदले में अधिकारियों को दो करोड़ रुपये की घूस दी गई थी। जेल में शशिकला के लिए स्पेशल किचन की व्यवस्था भी की गई थी।
मीडिया में यह बात फैलने के बाद उनकी सुविधाओं में कटौती की गई है, अब उन्हें भी जेल में एक आम कैदी की तरह ही रहना पड़ रहा है। सूत्रों के मुताबिक अन्य दिनों की तरह उन्हें सोमवार को खाने में इडली या डोसा नहीं मिला। बल्कि उन्हें भी अन्य कैदियों की तरह सुबह 7:30 बजे लाइम राइस और चाय मिली। सोमवार को नाश्ते में कैदियों के लिए लाइम चाइस और चाय ही बनाई जाती है।
उन्हें दोपहर के खाने में रागी रोटी और दही चावल दिया गया। इससे पहले दोपहरे के खाने में शशिकला ज्यादातर नॉन-वेज की खाती थी।
सोमवार से पहले वह रात में दही चावल खाती थी, लेकिन सोमवार को उन्हें अन्य कैदियों की तरह ही चावल और सांभर मिला। हालांकि शशिकला अभी भी रंगीन कपड़े ही पहन रही हैं। गौरतलब है कि उन्होंने इसके लिए आधिकारीक परमिशन ले रखी है। जेल में 7 साल या उससे ज्यादा की सजा वाले कैदियों के लिए सफेद कपड़े अनिवार्य हैं, लेकिन शशिकला की सजा कम है इसलिए जेल प्रशासन ने उन्हें सामान्य कपड़े पहने की इजाजत दे दी है।