फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मुस्लिमों को गले लगाने के बाद अब दलितों के मंच पर जाएंगे हार्दिक पटेल

Wed, 15 Nov 2017 10:22 PM IST
संजय मिश्र, नई दिल्ली
विज्ञापन
हार्दिक पटेल और जिग्नेश मेवानी
विज्ञापन
पटेल आंदोलन के जरिए गुजरात की राजनीति में सितारा बनकर उभरे हार्दिक पटेल मुस्लिमों के बाद अब दलितों को साधने में जुट गए हैं। जल्द ही हार्दिक दलितों के बीच बड़े मंच पर नजर आएंगे। हार्दिक के चुनावी और भावी राजनीति का रोडमैप बयां करते हुए जिग्नेश मेवानी ने कहा कि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के निर्वाण दिवस के अवसर पर अहमदाबाद में बड़ी रैली का आयोजन होगा। इसमें हार्दिक पटेल मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे। 
विज्ञापन


जिग्नेश मेवानी ने बाद में कहा कि जोड़ की रैली में दलितों के अलावा ओबीसी और पाटीदार समाज के लोग भी मौजूद रहेंगे। लेकिन सूत्र बताते हैं कि भविष्य की राजनीति के मद्देनजर हार्दिक पटेल और जिग्नेश कांग्रेस के इतर अपनी रणनीति बना रहे हैं। पटेल समाज के एकक्षत्र नेता बन चुके हार्दिक अपना दायरा बढ़ाने में लगे हुए हैं। इस कवायद में उन्होंने बीते दिनों गोधरा पहुंचकर वहां के मुस्लिम समुदाय को गले लगाया था तो अब जिग्नेश के जरिए उनकी नजर दलित बिरादरी में अपनी पैठ बनाने की है। इस कवायद के मद्देनजर ही 6 दिसंबर को अहमदाबाद का आयोजन रखा गया है। अंबेडकर के निर्वाण दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में देशभर के ट्रेड यूनयिन और दलितों के बीच कार्य करने वाले संगठन के नेताओं को आमंत्रित किया गया है। 

कांग्रेस के प्रचार अभियान से अलग रैली करेंगे हार्दिक-जिग्नेश 

जिग्नेश मेवानी ने कहा कि वे और हार्दिक गुजरात चुनाव में साझा रैली संबोधित करेंगे, लेकिन यह रैलियां कांग्रेस के अभियान से अलग रहेंगी। मेवानी के अनुसार उनके और हार्दिक का प्रचार कांग्रेस से अलग होगा। उन्होंने कहा कि हमारा मकसद भाजपा को हराना है। मेवानी ने इस बात के भी संकेत दिए कि वे अभी किसी दल में शामिल नहीं होंगे। उन्होंने संकेत दिया कि चुनाव के बाद वे नई पार्टी गठन करेंगे। हालांकि यह भी कहा कि गुजरात में दो पार्टी का ही चलन है। लेकिन जिस तरीके से हार्दिक और जिग्नेश अपने दांव चल रहे हैं, उसे देखकर यही नजर आ रहा है कि वे भाजपा को हराने के साथ-साथ अपनी ताकत बढ़ाने में लगे हुए हैं। 
विज्ञापन


मेवानी बोले- भाजपा के पास आएंगी 80 सीटें 

गुजरात चुनाव में भाजपा को हराने का अपना मुख्य मकसद बताते हुए मेवानी ने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए गुजरात विधानसभा चुनाव में भाजपा को हराना जरूरी है। उन्होंने कहा कि राज्य विधानसभा चुनाव में भाजपा 80 सीटों से ज्यादा नहीं जीत पाएगी। गुजरात के युवा वर्ग में हार्दिक का जादू है, इसलिए युवा वर्ग भी भाजपा का साथ छोड़ रहा है। हालांकि जिग्नेश इस बात पर पूरी तरह से आश्वस्त नहीं दिखे कि हार्दिक की वजह से कितनी संख्या में पटेल भाजपा का साथ छोड़ेंगे। इस सवाल पर उन्होंने बस यही कहा कि हार्दिक पटेल समाज में प्रभावी हैं। जिग्नेश ने यह भी कहा कि गुजरात का दलित और ठाकोर समाज हमेशा से कांग्रेस के साथ रहा है। 
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें