वी.डी सताशन और एआईसीसी महासचिव केसी. वेणुगोपाल की मुलाकात
- फोटो : अमर उजाला
केरल में कांग्रेस के भीतर चले तीखे नेतृत्व संघर्ष के कुछ ही दिनों बाद मुख्यमंत्री पद के लिए चुने गए वी.डी सताशन और एआईसीसी महासचिव केसी. वेणुगोपाल आज सार्वजनिक रूप से एकजुट नजर आए। तिरुवनंतपुरम में हुई दोनों नेताओं की मुलाकात को कांग्रेस और यूडीएफ सरकार के लिए बेहद अहम राजनीतिक संदेश माना जा रहा है।
यह मुलाकात उस समय हुई है जब कांग्रेस नेतृत्व की दौड़ में आखिरी क्षणों तक सस्पेंस बना हुआ था और पार्टी आलाकमान ने आखिर में सतीशन के नाम पर मुहर लगाई थी।
नेतृत्व की लड़ाई के बाद पहली बार आमने-सामने मुलाकात
आज दोपहर वेणुगोपाल के आवास पर हुई यह बैठक दोनों नेताओं की नेतृत्व विवाद के बाद पहली सीधी मुलाकात थी। माना जा रहा था कि वेणुगोपाल को नव-निर्वाचित विधायकों के बड़े वर्ग का समर्थन हासिल था, लेकिन अंतिम फैसला सतीशन के पक्ष में गया।
हालांकि पिछले कुछ दिनों से पार्टी के भीतर मतभेदों की चर्चा तेज थी, लेकिन बैठक के बाद दोनों नेताओं ने साफ संकेत दिया कि अब पार्टी पूरी तरह सरकार गठन और प्रशासन पर ध्यान दे रही है।
वेणुगोपाल ने पत्रकारों से कहा कि पिछले दिनों जो कुछ हुआ वह अब बीती बात हो चुकी है और कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है। उन्होंने कहा कि केरल की जनता नई सरकार से बड़ी उम्मीदें लगाए बैठी है।
सतीशन ने खारिज की अंदरूनी विवाद की अटकलें
मुख्यमंत्री पद के लिए नामित सतीशन ने कांग्रेस के भीतर किसी भी तरह के टकराव की खबरों को खारिज कर दिया। उन्होंने मीडिया के एक वर्ग पर नेताओं के बीच मतभेद पैदा करने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
सतीशन ने कहा कि कांग्रेस में हर फैसला व्यापक चर्चा के बाद लिया जाता है और पार्टी के भीतर ऐसा कोई मुद्दा नहीं है जिसे सुलझाया न जा सके।
कैबिनेट गठन को लेकर जल्द होगा फैसला
सतीशन ने यह भी स्पष्ट किया कि मंत्रिमंडल की अंतिम सूची कांग्रेस आलाकमान की मंजूरी के बाद ही तय होगी।
मंत्रिपद को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच उन्होंने संकेत दिया कि प्रक्रिया अंतिम चरण में है और जल्द ही शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि रविवार दोपहर तक मंत्रियों की अंतिम सूची सौंप दी जाएगी और सोमवार को पूरी कैबिनेट शपथ ले सकती है।