अफगानिस्तान की आतंकी संगठन तालिबान के साथ शांति प्रक्रिया की बातचीत के मुख्य वार्ताकार अब्दुल्ला अब्दुल्ला मंगलवार को भारत पहुंचे। पांच दिवसीय दौरे में अब्दुल्ला अब्दुल्ला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विदेशमंत्री एस जयशंकर और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से मुलाकात करेंगे।
अफगानिस्तान में राष्ट्रीय सुलह के लिए उच्च परिषद के अध्यक्ष अब्दुल्ला भारतीय नेताओं के साथ कतर की राजधानी दोहा में अफगान सरकार और तालिबान के बीच शांति प्रक्रिया और द्विपक्षीय समझौतों के बारे में विचार साझा करेंगे। भारत सरकार के न्योते पर अब्दुल्ला उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ दिल्ली पहुंचे हैं। वह भारतीय नेताओं के साथ शांति की कोशिशों और क्षेत्रीय सहमति व अफगान शांति प्रक्रिया को लेकर भारत के समर्थन पर बात करेंगे।
अब्दुल्ला रक्षा अध्ययन एवं विश्लेषण संस्थान (आईडीएसए) को संबोधित भी करेंगे। अब्दुल्ला बीते हफ्ते पाकिस्तान भी गए थे और वहां के प्रधानमंत्री इमरान खान से मिलकर अफगान शांति प्रक्रिया पर चर्चा भी की थी। अफगानिस्तान में नई सरकार के गठन के बाद अब्दुल्ला का यह पहला भारत दौरा है।