मेघलाय चुनाव के तीन सबसे अमीर प्रत्याशी
- फोटो : AMAR UJALA
मेघालय विधानसभा चुनाव के लिए सभी दल प्रचार में जुटे हुए हैं। राज्य में 27 फरवरी को मतदान होंगे। राज्य की 60 विधानसभा सीटों के लिए कुल 375 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इन प्रत्याशियों में 50 फीसदी (186) करोड़पति, छह फीसदी (21) दागी हैं। 63 फीसदी उम्मीदवारों की शैक्षणिक योग्यता स्नातक या उससे अधिक है। यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी (UDP) के मेतवा लिंगदोह चुनाव लड़ रहे सबसे अमीर प्रत्याशी हैं। लिंगदोह मैरंग विधानसभा सीट से मैदान में हैं।
करोड़पति प्रत्याशियों की संख्या में इजाफा
एडीआर की रिपोर्ट के अनुसार, इस चुनाव में उतरे 375 प्रत्याशियों में से 186 (50 फीसदी) करोड़पति हैं। पिछले चुनाव के मुकाबले करोड़पति प्रत्याशियों की संख्या में इजाफा हुआ है। 2018 के मेघालय विधानसभा चुनावों में, 370 प्रत्याशियों में से 152 (41 फीसदी) करोड़पति थे। पिछली बार के मुकाबले इस बार करोड़पति उम्मीदवारों की संख्या में नौ फीसदी का इजाफा हुआ है।
मेघालय विधानसभा चुनाव 2023
- फोटो : AMAR UJALA
NPP के 75 फीसदी उम्मीदवार करोड़पति
पार्टीवार देखें तो राज्य की सत्ताधारी पार्टी NPP के 75 फीसदी उम्मीदवार करोड़पति हैं। राज्य में पार्टी 57 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। 57 में से 43 प्रत्याशी करोड़पति हैं। UDP के 46 में से 30 (65 फीसदी) प्रत्याशी करोड़पति हैं। TMC के 56 उम्मीदवारों में से 27 (48 फीसदी), कांग्रेस के 60 उम्मीदवारों में से 25 (42 फीसदी) और भाजपा के 60 उम्मीदवारों में से 23 (38 फीसदी) की संपत्ति एक करोड़ रुपये से अधिक है।
मेघालय विधानसभा चुनाव में चुनाव लड़ने वाले प्रति उम्मीदवार की औसत संपत्ति 5.91 करोड़ रुपये है। हालांकि, 2018 विधानसभा चुनावों में, 193 उम्मीदवारों के लिए प्रति उम्मीदवार औसत संपत्ति 3.54 करोड़ रुपये थी।
मेघालय विधानसभा चुनाव 2023
- फोटो : AMAR UJALA
NPP के प्रत्याशियों की औसत संपत्ति सबसे ज्यादा
पार्टी-वार औसत संपत्ति के आंकड़ों पर नजर डालें तो यहां भाजपा सबसे पीछे है। इसके कुल 60 उम्मीदवार मैदान में हैं। पार्टी की प्रति उम्मीदवार औसत संपत्ति 2.71 करोड़ रुपये है। 60 कांग्रेस उम्मीदवारों के पास औसत संपत्ति 4.34 करोड़ रुपये है। 56 टीएमसी उम्मीदवारों के पास औसतन 4.95 करोड़ रुपये की संपत्ति है। 46 UDP उम्मीदवारों की औसत संपत्ति सबसे ज्यादा 10.50 करोड़ रुपये है। 57 NPP के उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 10.68 करोड़ रुपये है।
मेतवा लिंगदोह सबसे अमीर प्रत्याशी
UDP से मेतवा लिंगदोह इस चुनाव में उतरे सबसे अमीर उम्मीदवार हैं। मैरंग विधानसभा सीट से चुनाव में उतरे लिंगदोह के पास 146 करोड़ की दौलत है। इस मामले में दूसरा नाम कांग्रेस के विन्सेंट एच पाला का है, उनकी संपत्ति 125 करोड़ रुपए है। पाला सतंगा सैपंग सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं स्टेट पीपल्स डेमोक्रेटिक पार्टी के एवालिनी खरबानी 109 करोड़ की संपत्ति के साथ तीसरे सबसे अमीर प्रत्याशी हैं। खरबानी मवहाटी सीट से मैदान में हैं।
सबसे गरीब उम्मीदवार के पास महज नौ हजार
कांग्रेस के अरबियंगकम खरसोहमत ने अपनी संपत्ति मात्र 9,000 रुपए बताई है। अमलारेम सीट से उतरे खरसोहमत इस चुनाव में उतरे सबसे गरीब उम्मीदवार हैं। इस मामले में रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के थोसेनगचीबा ए संगमा दूसरे स्थान पर हैं, रक्समग्रे सीट से प्रत्याशी की दौलत 22,000 है। भाजपा उम्मीदवार मार्क रिनाल्डी सॉकमी गरीब उम्मीदवारों की सूची में तीसरे नंबर पर हैं। मैरंग से उतरे सॉकमी ने अपनी कुल संपत्ति 23,461 रुपए बताई है।
मेघालय विधानसभा चुनाव 2023
- फोटो : AMAR UJALA
63 फीसदी उम्मीदवार कम से कम ग्रेजुएट
चुनाव लड़ रहे 132 (35 फीसदी) उम्मीदवार ऐसे हैं जिनकी पढ़ाई केवल 5वीं से 12वीं पास के बीच की है। वहीं 235 (63 फीसदी) उम्मीदवारों ने अपने हलफनामों में स्नातक या उससे ऊपर की शैक्षणिक योग्यता बताई है। सात उम्मीदवार डिप्लोमा धारक हैं। एक प्रत्याशी केवल साक्षर हैं।
मेघालय विधानसभा चुनाव 2023
- फोटो : AMAR UJALA
चुनाव लड़ने वाले 36 फीसदी उम्मीदवार 40 से कम के
25 से 40 वर्ष के बीच आयु के 134 (36 फीसदी) उम्मीदवार इस बार चुनावी मैदान में हैं। 215 (57 फीसदी) उम्मीदवारों ने अपनी आयु 41 से 60 वर्ष के बीच घोषित की है। 26 (सात फीसदी) उम्मीदवार ऐसे हैं जिनकी आयु 61 से 80 वर्ष के बीच है।
दस फीसदी महिलाएं चुनाव मैदान में
2023 मेघालय विधानसभा चुनाव में मात्र 36 (दस फीसदी) महिला उम्मीदवार चुनाव लड़ रही हैं। 2018 के चुनावों में, 370 उम्मीदवारों में से 33 (नौ फीसदी) महिलाएं थीं।
दागी उम्मीदवार कम हुए
इस चुनाव में उतरे 375 उम्मीदवारों में से 21 (छह फीसदी) उम्मीदवारों ने अपने खिलाफ आपराधिक मामले घोषित किए हैं। वहीं, 2018 मेघालय विधानसभा चुनावों में, 370 उम्मीदवारों में से, 25 (सात फीसदी) ने अपने खिलाफ आपराधिक मामलों की घोषणा की थी।
मेघालय विधानसभा चुनाव 2023
- फोटो : AMAR UJALA
सबसे ज्यादा दागी NPP के
आपराधिक मामलों वाले पार्टीवार उम्मीदवार देखें तो यहां सबसे आगे NPP है। NPP के 57 उम्मीदवारों में से छह (11 फीसदी) दागी हैं। कांग्रेस के 60 उम्मीदवारों में से पांच (आठ फीसदी), भाजपा के 60 उम्मीदवारों में से एक (दो फीसदी) और टीएमसी के 56 उम्मीदवारों में से तीन (पांच फीसदी) ने अपने हलफनामों में अपने खिलाफ आपराधिक मामले घोषित किए हैं।
गंभीर मुकदमे वाले प्रत्याशी इस बार कम
इस चुनाव में 15 (चार फीसदी) गंभीर आपराधिक मामले वाले उम्मीदवार भी मैदान में हैं। 2018 मेघालय विधानसभा चुनाव में, 21 (छह फीसदी) उम्मीदवारों ने अपने खिलाफ गंभीर आपराधिक मामलों की घोषणा की थी। कांग्रेस के 60 उम्मीदवारों में से चार (सात फीसदी), NPP के 57 उम्मीदवारों में से चार (सात फीसदी), भाजपा के 60 में से एक (दो फीसदी) उम्मीदवार गंभीर मामलों का सामना कर रहे हैं। टीएमसी के 56 उम्मीदवारों में से दो (चार फीसदी) ने अपने हलफनामों में अपने खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले घोषित किए हैं।
दुष्कर्म के आरोपी भी लड़ रहे चुनाव
प्रत्याशियों में से दो ऐसे हैं जिनके खिलाफ हत्या (आईपीसी की धारा-302) का मामला दर्ज है। वहीं, तीन उम्मीदवारों ने अपने हलफनामे में बताया है कि उनके खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है। पांच ऐसे भी उम्मीदवार हैं जिनके खिलाफ महिलाओं के खिलाफ अपराध से संबंधित मामले दर्ज हैं। दक्षिण तुरा सीट से भाजपा प्रत्याशी बर्नार्ड एन मारक के खिलाफ दुष्कर्म (आईपीसी की धारा-376) से संबंधित मामला दर्ज है। एनपीपी उम्मीदवार थॉमस ए संगमा पर एक ही महिला से कई बार दुष्कर्म करने का आरोप है। संगमा उत्तर तुरा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।