लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर ‘बड़े सेल्समैन’ हैं जो इस चुनाव में अपने उत्पाद को बेचने में सफल रहे, जबकि कांग्रेस अपना उत्पाद बेचने में विफल रही। राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लोकसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लेते हुए चौधरी ने यह भी आरोप लगाया कि राजग सरकार को अपनी प्रशंसा सुनने का नशा है और वह अतीत की कांग्रेस सरकारों की उपलब्धियों को स्वीकार नहीं करना चाहती है।
राष्ट्रपति के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर लोकसभा में बोलते हुए चौधरी ने सरकार और प्रधानमंत्री मोदी पर तीखा हमला किया। केंद्रीय मंत्री प्रताप सारंगी पर निशाना साधते हुए चौधरी ने कहा कि सारंगी ने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफें करने में हद पार कर दी हैं।
चौधरी ने कहा कि उनकी पार्टी राष्ट्रपति की आलोचना नहीं करती है। हम विभिन्न मुद्दों पर इसकी विफलता के लिए सरकार को लामबंद करना चाहते हैं।
मोदी सरकार को निशाने पर लेते हुए चौधरी ने कहा कि देश सूखे की समस्या से जूझ रहा है लेकिन सरकार को कोई चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा सांसदों ने लोगों की समस्याएं दूर करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया। उन्हें लगता है कि सारा काम प्रधानमंत्री मोदी करेंगे। चौधरी ने कहा, 'उन्हें (भाजपा सांसद) लगता है कि मोदी की तारीफ करना पर्याप्त है, मोदी बाबा पार लगाएंगे।'