टाइगर पर हमला मामले में दिल्ली पुलिस ने चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया
- फोटो : एएनआई
अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हमले की जांच कर रही पुलिस की टीम ने दो महिलाओं समेत चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अभिनेता पर गोली चलाने के मामले में दिल्ली पुलिस की टीम ने इस अहम कार्रवाई को अंजाम दिया। चार लोगों को दिल्ली पुलिस की टीम ने गिरफ्तार करने के बाद महाराष्ट्र पुलिस को सौंप दिया। कोर्ट में पेशी के बाद आरोपियों को तीन दिनों की ट्रांजिट रिमांड पर महाराष्ट्र पुलिस के हवाले किया गया।
टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामला: हरियाणा और यूपी से पकड़े गए चार आरोपी
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने जिन चार लोगों को पकड़ा है उन आरोपियों में हरियाणा के सोनीपत जिले के कुणाल (21) और सुमित (19) शामिल हैं। उत्तर प्रदेश की राधा (23) और बबीता (23) भी गिरफ्तार हुई हैं।
महाराष्ट्र पुलिस को तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड मिली
मामले की जांच से जुड़े एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि चारों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 35(1)(b) के तहत अदालत में पेश किया गया। बाद में, महाराष्ट्र पुलिस के अपराध जांच विभाग (CID) ने औपचारिक गिरफ्तारी की अपील की। महाराष्ट्र पुलिस चारों को हिरासत में मुंबई ले जाकर पूछताछ करना चाहती है। अदालत ने याचिका स्वीकार की और मुंबई पुलिस टीम को तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड दे दी।
पुलिस ने किस आधार पर गिरफ्तार किया?
अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर मुंबई में हुई फायरिंग के मामले में पुलिस को संदेह है कि ये सभी विदेश से सक्रिय गैंगस्टर अनिल पंडित के निर्देश पर काम कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में हरियाणा के सोनीपत का कुणाल जमानत पर छूटने के बाद हरसाना गांव के एक दोस्त के जरिये अनिल पंडित के संपर्क में आया। पंडित 32 वर्षीय अमेरिकी गैंगस्टर और लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का कथित सहयोगी है। कुणाल ने एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग एप से पंडित से बातचीत शुरू की। पंडित के निर्देश पर कुणाल और सुमित ने अमृतसर से एक पिस्टल व 20 कारतूस जुटाए।
हथियार मुंबई कैसे पहुंचाए गए?
कुणाल ने राधा को अपनी गतिविधियों के बारे में बताकर उसे हथियार के साथ मुंबई जाने के लिए राजी किया। 15 अक्तूबर को कुणाल ने राधा और बबीता को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर छोड़ा। पिस्टल राधा के बैग में छिपी थी। यात्रा के दौरान कुणाल एप से उनके संपर्क में रहा और पंडित के निर्देश पहुंचाता रहा। दोनों महिलाएं 17 अक्तूबर को मुंबई पहुंचीं और एक होटल में ठहरीं। अगले दिन सुबह करीब 11 बजे एक नाबालिग लड़के ने उनके होटल के पास राधा से बैग लिया।
फायरिंग कब, गिरफ्तारी कैसे हुई?
18 अक्तूबर को शाम करीब 7 बजे टाइगक श्रॉफ की कार पर फायरिंग की सूचना मिली। पंडित ने कुणाल को बताया कि शूटर मुंबई में फंसे हैं, उनके भागने की व्यवस्था करो। राधा और बबीता 18 अक्तूबर को दादर-हरिद्वार एक्सप्रेस से मुंबई से दिल्ली के लिए रवाना हुईं। मंगलवार को उन्हें नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर पकड़ा गया। कुणाल और सुमित को भी मंगलवार को सोनीपत में गिरफ्तार किया गया।