गीतकार जावेद अख्तर और उनकी पत्नी अभिनेत्री शबाना आजमी शनिवार को एक सड़क हादसे का शिकार हुए। महाराष्ट्र के रायगढ़ में उनकी कार मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर एक ट्रक से टकरा गई। दुर्घटना में शबाना आजमी घायल हो गईं, जबकि जावेद अख्तर को मामूली चोटें आईं।
शबाना पति जावेद अख्तर के साथ अपनी टाटा सफारी से पुणे जा रहीं थीं जब मुंबई से 60 किलोमीटर दूर खालापुर टोल नाके के पास उनकी कार एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए।
शबाना की नाक और सिर में गंभीर चोट आई है। उन्हें पहले नवी मुंबई के एमजीएम अस्तपाल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा था। बुरी तरह घायल शबाना आजमी को देर शाम डॉक्टरों की सलाह पर मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती किया गया है।जहां डॉक्टरों ने उन्हें खतरे से बाहर बताया है।
हादसे में कार चालक भी घायल हुआ। पुलिस के मुताबिक ओवरटेक करने की कोशिश के दौरान हादसा हुआ। हादसे की खबर मिलते ही सोशल मीडिया पर लोगों ने शबाना के लिए दुआएं मांगी।
हादसे के तुरंत बाद ही सोशल मीडिया पर उनकी जानकारी हासिल करने वालों की संख्या बढ़ गई है। हर कोई उनके जल्द ठीक होने की कामना भी कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शबाना आजमी के एक्सीडेंट पर दुख प्रकट किया है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, 'शबाना आजमी के घायल होने की खबर जानकर दुख हुआ। मैं उनके जल्द ठीक होने की कामना करता हूं।'
एक दिन पहले शबाना आजमी ने जावेद अख्तर के जन्मदिन पर शानदार पार्टी का आयोजन किया था। इस पार्टी में बॉलीवुड के अभिनेता व अभिनेत्री शामिल हुए थे।