जानें-मानें अदाकार आर माधवन विवादों में घिर गए हैं। माधवन पर बालासमुद्रम गांव में एक तालाब पर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए एन गणेशन ने मद्रास हाईकोर्ट की मधुरई बेंच में पीआईएल दाखिल की है।
इस पीआईएल में जिले के कलेक्टर को भी आरोपी बताया गया है क्योंकि उन्होंने शिकायत के बावजूद माधवन पर कोई कार्रवाई नहीं की है। इसके बाद कोर्ट ने अदाकार माधवन को नोटिस भेजा है। दरअसल पिछले वर्ष 16 मार्च को माधवन ने गांव की 1.97 हेक्टेयर जमीन खरीदी थी।
इसके बाद उन्होंने जमीन से लगे तालाब को भी उसी में शामिल करते हुए वहां अमरूद और नारियल के पेड़ के साथ बिजली के खंभे भी गाड़ दिए। इस पर गांव के निवासी एन गणेशन ने जिला कलेक्टर के पास शिकायत दर्ज करायी, लेकिन वहां से कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
इस पर उन्होंने कोर्ट में पीआईएल दाखिल की। मामले को संज्ञान में लेते हुए कोर्ट ने माधवन के अलावा दिंडिगुल के कलेक्टर, पालानी के तहसीलदार, तमिलनाडु जेनरेशन और डिस्ट्रीब्यूशन कार्पोरेशन पालानी के एक्जेक्यूटिव इंजीनियर को भी नोटिस भेजा है।