राजधानी दिल्ली गांजा फूंकने के मामले में देश में टॉप पर है तो आर्थिक राजधानी मुंबई दूसरे नंबर पर। अगर दुनिया भर के बड़े शहरों को देखें तो दिल्ली का स्थान तीसरा और मुंबई का छठा स्थान है। एक सर्वे रिपोर्ट में यह दावा किया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार साल 2018 में गांजे की सर्वाधिक मात्रा का इस्तेमाल करने के मामले में दुनिया में चोटी के दस शहरों में दिल्ली और मुंबई का नाम शामिल है। यह सर्वे जर्मनी में कार्यरत एक डाटा आधारित मीडिया अभियान एबीसीडी ने जारी किया है। यह संगठन गांजे को वैधानिक दर्जा देने की भी मांग करता है और इसके लिए गांजा मूल्य सूचकांक भी जारी करता है। गौरतलब है कि भारत में गांजा प्रतिबंधित है।
सर्वे के अनुसार दिल्ली ने बीते साल 38.3 टन तो मुंबई ने 32.4 टन गांजे की खपत की। दुनिया में इसकी सर्वाधिक खपत न्यूयार्क में होती है। यहां साल 2018 में 77.4 टन गांजे का सेवन किया गया। इसके बाद पाकिस्तान के कराची का नंबर है, जहां 42 टन गांजे की खपत हुई। अमेरिका के दो शहर लॉस एंजिल्स 36 टन के साथ चौथे और शिकागो 24.55 टन खपत के साथ आठवें पायदान पर है। इनके अलावा काहिरा (5वां 32.2 टन), लंदन (7वें, 31.4 टन), मास्को (9वें, 22.9 टन) और टोरंटो (10वें, 22.7 टन) भी इस सूची में शामिल हैं।