राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) ने पिछले साल देश में विदेशी नागरिकों के खिलाफ हुए अपराध को लेकर डेटा जारी किया है। एनसीआरबी के आंकड़ों के मुताबिक, 2019 में दिल्ली में विदेशियों के खिलाफ अपराध की सबसे अधिक 30.1 प्रतिशत घटनाएं सामने आईं। इसके बाद महाराष्ट्र में 11.7 प्रतिशत और कर्नाटक में 11.2 प्रतिशत घटनाएं दर्ज हुईं।
एनसीआरबी के अनुसार, 2019 में बलात्कार, हत्या और चोरी समेत कुल 409 अपराध विदेशियों के खिलाफ अंजाम दिए गए। इसमें दिल्ली (123 मामले), महाराष्ट्र (48 मामले) और कर्नाटक (46 मामले) में कुल मामलों के 53 फीसदी मामले दर्ज किए गए। 2019 में तमिलनाडु में 5.6 प्रतिशत, गोवा मे 5.1, उत्तर प्रदेश में 5.1 और हरियाणा में 4.6, राजस्थान में 3.9, केरल और असम 3.7 और मध्य प्रदेश में 3.2 प्रतिशत मामले दर्ज किए गए। जबकि 2018 में 517 और 2017 में 492 मामले दर्ज हुए थे।
2019 में दर्ज 409 मामलों में से सबसे अधिक 142 मामले चोरी के, 54 आईपीसी के तहत अन्य अपराध, 41 ठगी, 26 मामले यौन हिंसा के, 14 चोट पहुंचाने के मामले दर्ज किए गए। एनसीआरबी ने बताया कि पिछले साल हत्या के 13 मामले, दुष्कर्म के 12 और अपहरण के पांच मामले दर्ज किए गए। इसके अलावा अनैतिक तस्करी (रोकथाम) अधिनियम के तहत 15 केस दर्ज किए गए।