भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक केरल में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने मंगलवार को दस्तक दे दी है। मानसून अपने तय समय से तीन दिन पहले आया है। इसके साथ ही देश में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की बरसात का मौसम शुरू हो चुका है। इसके अलावा मौसम से जुड़े विश्लेषण और पूर्वनुमान जारी करने वाली निजी कंपनी स्काईमेट ने कहा कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने सोमवार को ही केरल में दस्तक दे दी थी।
स्काईमेट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जतिन सिंह का कहना है, "केरल में
मानसून जैसी स्थितियां हैं और हम कह सकते हैं कि वार्षिक वर्षा के मौसम का आगाज हो गया है।" इससे पहले आईएमडी ने अनुमान लगाया था कि केरल में 29 मई को मानसून प्रवेश करेगा जबकि स्काईमेट का अनुमान था कि मानसून 28 मई को प्रवेश करेगा।
मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि इस वर्ष देश में सामान्य मॉनसून रहने की संभावना है। देश में मॉनसून की औपचारिक तारीख एक जून है, लेकिन पूरे देश को कवर करने में इसे एक महीने से भी अधिक समय लग जाएगा।
आईएमडी के अतिरिक्त महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा के मुताबिक मॉनसून के मंगलवार तक केरल में पहुंचने की उम्मीद है। मौसम विभाग के मुताबिक अगर 10 मई के बाद केरल में स्थापित 14 मौसम निगरानी केंद्रों में से 60 फीसदी में लगातार दो दिन 2.5 मिलीमीटर या उससे अधिक वर्षा लगातार दो दिन तक दर्ज की जाती है। तो इसके दूसरे दिन केरल में मानसून की घोषणा की जा सकती है। विभाग के अनुसार यह मानसून आने के मुख्य मानदंडों में से एक है।