दिल्ली से मुंबई जाने वाले यात्रियों के लिए खुशखबरी है। रेलवे ने दिल्ली-मुंबई के बीच सुपरफास्ट एसी एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन संख्या 09005/09006 मुंबई सेंट्रल-नई दिल्ली-मुंबई सेंट्रल सुपरफास्ट एक्सप्रेस कुल दो फेरे लगाएगी। इसके अलावा बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर अंत्योदय एक्सप्रेस को वापी स्टेशन पर ठहराव दिया गया है।
ट्रेन संख्या 09005 मुंबई सेंट्रल-नई दिल्ली सुपरफास्ट एसी एक्सप्रेस 8 फरवरी को मुंबई से शाम 4 बजे चलेगी व अगले दिन सुबह 7:55 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। वापसी दिशा में ट्रेन संख्या 09006 नई दिल्ली-मुंबई सेंट्रल सुपरफास्ट 9 फरवरी को नई दिल्ली से दोपहर 2:50 बजे चलेगी व अगले दिन सुबह 6:55 बजे मुंबई सेंट्रल पहुंचेगी।
दो वातानुकूलित 2 टीयर, 10 वातानुकूलित 3 टीयर श्रेणी के डिब्बों वाली यह स्पेशल ट्रेन मार्ग में बडोदरा और कोटा स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहरेगी। रेलवे ने एक अन्य निर्णय में ट्रेन संख्या 22921/22922 बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर-बांद्रा टर्मिनस अंत्योदय एक्सप्रेस को वापी स्टेशन पर छह महीने के लिए अस्थायी ठहराव दिया है।
ट्रेन संख्या 22921 बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर अंत्योदय एक्सप्रेस 10 फरवरी से सुबह 7.29 बजे वापी स्टेशन पर ठहरेगी। वापसी दिशा में ट्रेन संख्या 22922 गोरखपुर-बांद्रा टर्मिनस अंत्योदय 13 फरवरी से वापी स्टेशन पर ठहराव होगा।