उड़ी हमले के बाद 28-29 सितंबर की रात भारतीय सेना द्वारा की गई सर्जिकल स्ट्राइक पर एक के बाद एक लोगों के बयान आते जा रहे हैं। भारतीय डीजीएमओ की प्रेस कान्फ्रेंस के बाद रक्षामंत्री और दूसरे नेताओं ने सर्जिकल स्ट्राइक के लिए सेना और प्रधानमंत्री को बधाइयां दी। वहीं, पाकिस्तान शुरू से ही इसे झुठलाता रहा है।
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री के बाद अब वहां के उच्चायुक्त अब्दुल बासित ने बुधवार को कहा कि भारत की तरफ से 29 सितंबर को किसी भी तरह की सर्जिकल स्ट्राइक नहीं की गई। उन्होंने कहा कि भारत की तरफ से किसी भी तरह की सर्जिकल स्ट्राइक होती तो पाकिस्तान उसका मुंहतोड़ जवाब देता।
अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक, बासित ने कहा कि भारत के पास सर्जिकल स्ट्राइक का किसी भी तरह का वीडियो नहीं है। वीडियो होना एक मनगढ़ंत बात है। उन्होंने कहा कि 29 सितंबर की रात को सिर्फ दोनों तरफ से फायरिंग हुई थी, जिसमें पाकिस्तान के दो सैनिक शहीद हुए। इसके बाद पाकिस्तानी सेना ने भारतीय गोलाबारी का तत्काल जवाब दिया।