आम आदमी पार्टी के सांसद भगवंत सिंह मान ने मनरेगा मजदूरों का पारिश्रमिक बढ़ाए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार आज महंगाई बढ़ रही है, उसे देखते हुए मनरेगा मजदूरों का 241 रुपये का पारिश्रमिक बहुत कम है। इतनी कम मजदूरी दर पर आज कहीं भी मजदूर नहीं मिलते हैं और आज की दर पर मजदूर अपना परिवार चलाने में सक्षम नहीं है। ऐसे में पूरे देश में मनरेगा मजदूरों का पारिश्रमिक बढ़ाकर 600 रुपये किया जाना चाहिए।
संसद में मनरेगा मजदूरों का मुद्दा उठाते हुए भगवंत सिंह मान ने कहा कि इस योजना के अंतर्गत श्रमिकों को वर्ष भर में 100 दिन का रोजगार उपलब्ध कराने की बात कही गई है, लेकिन सच्चाई यह है कि इस योजना के तहत लोगों को 20-25 दिन से ज्यादा का काम नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस बात की उचित स्तर पर समीक्षा की जानी चाहिए और सभी श्रमिकों को वर्ष भर में न्यूनतम सौ दिन का रोजगार सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
आप नेता भगवंत सिंह मान इस दौरान ने मनरेगा में भ्रष्टाचार होने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि मनरेगा योजना के तहत भी लोगों से फर्जी उपस्थिति दर्ज करवाकर पैसे का भुगतान किसी और को कराया जा रहा है। आप सांसद ने कहा कि इस वजह से उन लोगों को इस योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है, जिन लोगों के कल्याण के लिए ये बनाई गई थी। उन्होंने मनरेगा योजना में हो रहे भ्रष्टाचार की उचित स्तर पर जांच कराए जाने की मांग भी उठाई।