फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आज के दिन: ब्रिक्स संसदीय फोरम की मेजबानी करेगा भारत, राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि केस में आएगा अदालत का फैसला

Mon, 26 Oct 2026 06:17 AM IST
कीर्तिवर्धन मिश्र न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
आज के दिन। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
आज, 26 अक्तूबर को आश्विन मास के शुक्ल पक्ष की उदया तिथि की पूर्णिमा और सोमवार का दिन है। आज सुबह से ही कार्तिक का महीना शुरू हो रहा है। नए हफ्ते की शुरुआत में ही अदालत में कई मामलों की सुनवाई तय है। इसके अलावा कूटनीति के मंच पर भी कई घटनाक्रम तय हैं। 
विज्ञापन


आइये जानते हैं आज के बड़े घटनाक्रम...
Trending Videos

1. 12वें ब्रिक्स संसदीय मंच की मेजबानी करेगा भारत
नई दिल्ली में 26 और 27 अक्तूबर को 12वें ब्रिक्स संसदीय मंच का दो दिवसीय सम्मेलन आयोजित किया जाना है। इस अंतरराष्ट्रीय बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाग लेंगे और सदस्य देशों के संसदीय प्रतिनिधियों से बातचीत करेंगे। सम्मेलन की अध्यक्षता लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला करेंगे। इस मंच का मुख्य विषय 'जन-केंद्रित विकास के लिए संसदों को बढ़ावा देना' रखा गया है। बैठक में रणनीतिक प्राथमिकताओं, संस्थागत लचीलेपन, नैतिक एआई, डिजिटल परिवर्तन और सतत विकास पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

2. तुम्मीडिएट्टी बैराज पर तेलंगाना-महाराष्ट्र सीएम की वार्ता
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी आज मुंबई के सह्याद्रि राज्य अतिथि गृह में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात करेंगे। यह बैठक गोदावरी नदी पर प्रस्तावित तुम्मीडिएट्टी बैराज के निर्माण से जुड़ी मंजूरी और अंतरराज्यीय जल विवादों को सुलझाने के लिए बुलाई गई है। तेलंगाना सरकार बैराज का जल स्तर 152 मीटर रखने की मांग कर रही है, जिससे उत्तरी तेलंगाना में गुरुत्वाकर्षण द्वारा सिंचाई संभव हो सके और बिजली लागत कम हो, जबकि महाराष्ट्र को जलमग्न होने की चिंता है।

3. राहुल गांधी पर दर्ज मानहानि मामले में फैसला आज 
उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर स्थित विशेष एमपी-एमएलए अदालत 26 अक्तूबर को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मानहानि मामले में अपना फैसला सुनाएगी। यह मामला 2018 में कर्नाटक चुनाव प्रचार के दौरान राहुल गांधी द्वारा तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़ा हुआ है। कोर्ट ने राहुल गांधी को सुनवाई के दौरान व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत सुल्तानपुर अदालत परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

4. लखीमपुर खीरी हिंसा मामले में सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट 26 अक्तूबर को 2021 के चर्चित लखीमपुर खीरी हिंसा मामले से जुड़ी याचिकाओं पर सुनवाई करेगा। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ मुख्य आरोपी आशीष मिश्रा की जमानत शर्तों से संबंधित याचिका पर विचार करेगी। इसके साथ ही, शीर्ष अदालत मुकदमे के संचालन और पीठासीन अधिकारी के आचरण से जुड़ी प्रशासनिक रिपोर्ट पर भी समीक्षा करेगी। गौरतलब है कि अक्तूबर 2021 में तिकुनिया में किसानों के विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा में आठ लोगों की मौत हो गई थी।
 

5. सीएमआरएल रिश्वत मामले में विजयन की याचिका पर सुनवाई
केरल हाईकोर्ट 26 अक्तूबर को केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनरई विजयन और उनके परिवार के सदस्यों द्वारा दायर अपीलों पर सुनवाई करेगा। विजयन, उनकी बेटी वीणा टी और दामाद पी. ए. मोहम्मद रियास ने एकल पीठ के उस आदेश को चुनौती दी है, जिसमें सीएमआरएल रिश्वत मामले में एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया गया था। सुप्रीम कोर्ट द्वारा राज्य सतर्कता जांच पर रोक लगाए जाने के बाद हाई कोर्ट की डिवीजन बेंच इस अपील पर सुनवाई कर रही है।

6. अभिनेता इमरान खान के 'भारत छोड़ो' नोटिस मामले में होगी सुनवाई
बॉम्बे हाईकोर्ट 26 अक्तूबर को अमेरिकी नागरिक व अभिनेता इमरान खान की याचिका पर सुनवाई करेगा। इमरान खान ने मुंबई पुलिस द्वारा 28 अक्तूबर तक भारत छोड़ने के जारी निर्देश (लीव इंडिया नोटिस) को चुनौती दी है। यह नोटिस उन्हें एक राजनीतिक विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के आरोप में जारी किया गया था। याचिका में अभिनेता ने इस आदेश को गैर-कानूनी और मनमाना बताते हुए इसे रद्द करने की मांग की है।

7. नेपाल-भारत सीमा पार पर्यटन सम्मेलन
नेपाल के चितवन में 26 अक्तूबर से तीन दिवसीय 'नेपाल-भारत क्रॉस बॉर्डर टूरिज्म कनेक्ट 2026' सम्मेलन शुरू हो रहा है। गैर-आवासीय नेपाली संघ (एनआरएनए) और समृद्ध चितवन अभियान द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य सीमा पार पर्यटन सहयोग को बढ़ावा देना और भारतीय पर्यटकों को आकर्षित करना है। इस आयोजन में भारत और नेपाल के दर्जनों पर्यटन व्यवसायी सीधे व्यावसायिक विचार-विमर्श और नेटवर्किंग में भाग लेंगे।

8. आगरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र आज होगा पुनर्मतदान
उत्तर प्रदेश विधान परिषद की आगरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र चुनाव के तहत तीन मतदान केंद्रों पर 26 अक्तूबर को पुनर्मतदान कराया जाएगा। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, खैरागढ़, सैंया और फतेहाबाद स्थित तीन बूथों पर सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक वोट डाले जाएंगे। समाजवादी पार्टी द्वारा बूथ कैप्चरिंग और धांधली के आरोपों के बाद चुनाव आयोग ने 23 अक्तूबर को हुए मतदान को रद्द कर दोबारा वोटिंग का निर्णय लिया है।
विज्ञापन

9. कर्नाटक में गन्ना मूल्य वृद्धि के लिए किसानों और मिल मालिकों की बैठक
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके. शिवकुमार ने बेलगावी में 26 अक्तूबर को गन्ना उत्पादक किसानों और चीनी मिल मालिकों की एक अहम बैठक बुलाई है। इस बैठक में उत्तर कर्नाटक के किसानों द्वारा गन्ना मूल्य 5,500 रुपये प्रति टन करने और चीनी का न्यूनतम बिक्री मूल्य 60 रुपये प्रति किग्रा बढ़ाने जैसी मांगों पर चर्चा की जाएगी। किसानों ने अपनी मांगें पूरी करने के लिए राज्य व केंद्र सरकार को समय दिया है।

10. कांग्रेस महासचिव वेणुगोपाल का पंजाब दौरा
कांग्रेस के अखिल भारतीय संगठन महासचिव केसी. वेणुगोपाल आज पंजाब का दौरा करेंगे। अपने दौरे के दौरान वे राज्य के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ बैठकें आयोजित करेंगे। इन बैठकों का मुख्य मकसद आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों की समीक्षा करना, पार्टी संगठन को मजबूत बनाना और कार्यकर्ताओं में नए उत्साह का संचार करना है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें