पिछले साल अहमदाबाद में जून महीने में भीषण विमान हादसे की जांच पूरी होने की खबरों पर विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो ने साफ कहा है कि हादसे की जांच अभी जारी है और जो भी खबरें चल रही है वो अटकलबाजी पर आधारित है। वहीं नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने साफ किया है कि एअर इंडिया की उड़ान संख्या एआई-171 दुर्घटना की जांच पूरी होने संबंधी खबरें गलत और अटकलों पर आधारित हैं। मंत्रालय के अनुसार विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) ने स्पष्ट कहा है कि जांच अभी चल रही है और कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है।
इतालवी मीडिया ने क्या किया था दावा?
एएआईबी की यह प्रतिक्रिया इटली के समाचार पत्र कोरिएरे डेला सेरा की तरफ से विमान के ईंधन स्विचों में किसी भी तकनीकी खराबी से इनकार करने और एयर इंडिया की उड़ान 171 के ईंधन स्विचों को जानबूझकर बंद करने के संदेह के एक दिन बाद आई है। पश्चिमी विमानन एजेंसियों के सूत्रों का हवाला देते हुए इतालवी रिपोर्ट में कहा गया है कि दुर्घटना की जांच पूरी होने की ओर अग्रसर है और विमान दुर्घटनाग्रस्त इसलिए हुआ क्योंकि पायलटों में से एक ने दो ईंधन स्विच बंद कर दिए थे।
यह भी पढ़ें -
विमानन क्षेत्र में बड़े पैमाने पर पद खाली: सरकार ने संसद में दी जानकारी, बोली- सुरक्षा और कामकाज पर असर नहीं
'सबूतों पर आधारित प्रक्रिया होती है जांच'
एएआईबी ने बताया कि विमान हादसों की जांच एक तकनीकी और सबूतों पर आधारित प्रक्रिया होती है, जिसका उद्देश्य दुर्घटना के मूल कारणों का पता लगाना और भविष्य में सुरक्षा सुधार सुनिश्चित करना है। यह जांच विमान (दुर्घटनाओं और घटनाओं की जांच) नियम, 2025 और अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन (आईसीएओ) के नियम अनुलग्न-13 के अनुसार की जाती है। विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो ने यह भी कहा कि पहले जारी की गई प्रारंभिक रिपोर्ट में उस समय उपलब्ध तथ्यों की जानकारी दी गई थी। अंतिम जांच रिपोर्ट, जिसमें निष्कर्ष और सुरक्षा संबंधी सिफारिशें होंगी, जांच पूरी होने के बाद अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार प्रकाशित की जाएगी।
अनुमान लगाने वाली खबरें न चलाएं- AAIB
एएआईबी ने मीडिया संस्थानों से अपील की है कि वे संयम बरतें और समय से पहले अनुमान लगाने वाली खबरें न चलाएं। बिना पुष्टि की रिपोर्टिंग से लोगों में अनावश्यक चिंता पैदा होती है और चल रही पेशेवर जांच की विश्वसनीयता प्रभावित हो सकती है। ब्यूरो ने दोहराया कि वह पारदर्शिता, प्रक्रिया की शुचिता और विमानन सुरक्षा के उच्चतम मानकों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
एएआईबी ने अपनी शुरुआती रिपोर्ट में क्या कहा था?
एएआईबी के बयान में कहा गया कि, 'एएआईबी ट्रांसपेरेंसी, प्रोसेस की ईमानदारी और एविएशन सुरक्षा के सबसे ऊंचे स्टैंडर्ड के लिए पूरी तरह से कमिटेड है।' पिछले साल 12 जुलाई को जारी क्रैश पर अपनी शुरुआती रिपोर्ट में, एएआईबी ने कहा था कि प्लेन के दोनों इंजनों की फ्यूल सप्लाई एक सेकंड के गैप में कट गई थी, जिससे टेक-ऑफ के तुरंत बाद कॉकपिट में कन्फ्यूजन हो गया था। इसमें कहा गया था, 'कॉकपिट की वॉयस रिकॉर्डिंग में, एक पायलट दूसरे से पूछता हुआ सुनाई देता है कि उसने क्यों कट किया। दूसरे पायलट ने जवाब दिया कि उसने ऐसा नहीं किया।' बुधवार को सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र से अब तक अपनाए गए 'प्रक्रियात्मक प्रोटोकॉल' पर एक छोटी रिपोर्ट फाइल करने को कहा, क्योंकि उसे बताया गया था कि प्लेन क्रैश में एएआईबी की जांच अपने आखिरी पड़ाव पर है।
यह भी पढ़ें -
ONOE: 'एक राष्ट्र, एक चुनाव संविधान के मूल ढांचे का नहीं करता उल्लंघन', पूर्व मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई का बयान
अहमदाबाद में एअर इंडिया विमान हादसा
12 जून 2025 को एअर इंडिया की फ्लाइट संख्या एआई-171 अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस भीषण हादसे में 260 लोगों की मौत हो गई थी, जिसमें 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश नागरिक, सात पुर्तगाली नागरिक और एक कनाडाई नागरिक शामिल था। जबकि हादसे वाली जगह पर मौजूद 19 अन्य स्थानीय लोग भी इस हादसे में मारे गए हैं।