शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे
- फोटो : एएनआई
शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे ने शुक्रवार को एशिया कप में भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैचों को लेकर बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड) पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पूरी दुनिया को यह बताने में इतनी कोशिश की है कि पहलगाम हमले के पीछे पाकिस्तान है, लेकिन क्रिकेट बोर्ड का पैसों का लालच सशस्त्र बलों के बलिदान से भी ऊपर है।
आदित्य ठाकरे ने कहा, अगर बीसीसीआई को लगता है कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाल किले से कहे गए शब्दों से भी ऊपर है, तो यह वाकई शर्मनाक है। केंद्र सरकार ने दुनिया को बताया कि पहलगाम हमले के पीछे पाकिस्तान है, लेकिन बीसीसीआई का लालच सेना की कुर्बानी, देश और यहां तक कि पीएम के उस कथन से भी ऊपर है जिसमें उन्होंने कहा था कि खून और पानी साथ नहीं बह सकते।
उन्होंने आगे कहा, बीसीसीआई के पास आईसीसी (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) में इतनी ताकत है, फिर भी यह कहना कि हम एशिया कप के नियमों से बंधे हैं, एक मजाक है। एशिया कप 9 सितंबर से यूएई में शुरू होगा। जिसमें भारत और पाकिस्तान के दो हाई-प्रोफाइल मुकाबले दुबई में खेले जाएंगे।
पहला मैच 14 सितंबर को और दूसरा संभावित मुकाबला 21 सितंबर को होगा। फाइनल 29 सितंबर को दुबई में खेला जाएगा। टूर्नामेंट टी20 प्रारूप में होगा ताकि भारत और श्रीलंका में अगले साल होने वाले टी20 विश्व कप की तैयारी की जा सके।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 79वें स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से पाकिस्तान को सख्त चेतावनी देते हुए कहा था कि आतंकियों और उन्हें पनाह देने वालों को एक जैसा ही समझा जाएगा और भविष्य में किसी भी दुस्साहस का भारतीय सेना जवाब देगी। ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा कि भारतीय सेना ने दुश्मनों को उनकी कल्पना से भी परे जाकर सजा दी और भारत अब पाकिस्तान की परमाणु धमकी बर्दाश्त नहीं करेगा और उचित जवाब देगा।