प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बांग्लादेश की पीएम शेख हसीना के बीच 17 दिसंबर को एक वर्चुअल शिखर सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस दौरान दोनों नेता द्विपक्षीय संबंधों पर व्यापक चर्चा करेंगे। इसके अलावा कोरोना महामारी समेत अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी। विदेश मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी।
हल्दीबाड़ी और चिलहटी रेल मार्ग का भी होगा उद्घाटन
पश्चिम बंगाल के हल्दीबाड़ी और बांग्लादेश स्थित चिलहटी के बीच रेल मार्ग 55 साल बाद 17 दिसंबर को फिर से खोला जाएगा। भारत और बांग्लादेश के प्रधानमंत्री इसका उद्घाटन करेंगे। उत्तर पूर्व फ्रंटियर रेलवे (एनएफआर) के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
गौरतलब है कि वर्ष 1965 में भारत और तत्कालीन पूर्वी पाकिस्तान के बीच रेल संपर्क टूटने के बाद कूचबिहार स्थित हल्दीबाड़ी और उत्तरी बांग्लादेश के चिलहटी के बीच रेलवे लाइन बंद कर दी गई थी। एनएफआर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुभानन चंदा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी बांग्लादेशी समकक्ष शेख हसीना, 17 दिसंबर को हल्दीबाड़ी-चिलहटी रेल मार्ग का उद्घाटन करेंगे।