महाराष्ट्र के नासिक से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां ब्लैकमेल की शिकायत करने वाला एक वरिष्ठ नागरिक खुद यौन शोषण के आरोप में गिरफ्तार हो गया। पुलिस जांच में उसके खिलाफ गंभीर खुलासे हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, सतपुर इलाके में रहने वाले रविंद्र गणपत एरंडे ने पहले शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोगों ने उसके कार्यालय से टैबलेट चोरी कर लिया और निजी फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उससे 12 लाख रुपये की वसूली की कोशिश की। उसने बताया था कि वह पहले ही 10 हजार रुपये दे चुका है और गुरुवार को 50 हजार रुपये देने वाला था।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाकर चार आरोपियों आकाश पुंडलिक बकरे, प्रकाश रामदास पानपटिल, सूरज सुनील गवई और श्रीपत भीमराव शिंदे को गिरफ्तार किया। उनके पास से चार मोबाइल फोन, दो पेन ड्राइव और एक मेमोरी कार्ड बरामद किए गए।
जब पुलिस ने इन उपकरणों की जांच की, तो उसमें 121 अश्लील और आपत्तिजनक वीडियो क्लिप मिले, जिनमें कई महिलाओं और शिकायतकर्ता के परिचित शामिल थे। जांच के दौरान मामले ने नया मोड़ लिया, जब एक महिला सामने आई और उसने एरंडे पर कई बार यौन शोषण का आरोप लगाया।