वो दिल्ली से मुंबई पढ़ने गई थी लेकिन एक सिरफिरा उसके पीछे पड़ गया। वो मुंबई में जहां जाती वो उसका पीछा करता हुआ वहां पहुंच जाता था। 24 साल की सलोनी (बदला हुआ नाम) इस सिरफिरे से इतनी परेशान हो गई कि उसने मुंबई छोड़ना ही बेहतर समझा और महज कुछ दिनों में दिल्ली वापस आ गई। उसने सोचा कि अब उसकी परेशानी खत्म हो गई है लेकिन एक दिन अचानक वो उसके सामने आकर खड़ा हो गया।
सलोनी ने पुलिस को बताया कि वह कुछ महीने पहले पढ़ाई के लिए मुंबई गई थी। उसने कई कॉलेज में एडमिशन के लिए फॉर्म भी भरा था। वह मुंबई में हर दिन कुछ नए लोगों से मिलती थी। उनमें से कुछ दिन बाद एक लड़का अचानक उसके पीछे ही पर गया और किसी भी समय फोन करने लग गया।
पढ़ें: छात्राओं ने लगाया टीचर पर अश्लील हरकतें करने का आरोप, पुलिस ने की कार्रवाई
लड़की ने पुलिस को बताया कि जब उसने बार बार मना करने के बाद पीछा करना नहीं छोड़ा तो उसने दिल्ली अपने माता पिता को फोन पर सारी बात बताई। मां पापा ने उसे तुरंत दिल्ली वापस आने को कहा। वो वापस भी आ गई लेकिन एक दिन जब वो घर लौट रही थी तो अचानक उसके सामने वो लड़का आकर खड़ा हो गया।
लड़की ने उसे फटकारा और पीछा करने को मना भी किया लेकिन उसने वही कहानी दोहरानी शुरू कर दी। लगातार फोन करना शुरू कर दिया। वह लड़की को नंबर बदल बदल कर फोन करता रहा। लड़की हर नंबर को ब्लॉक करती रही । लेकिन जब पानी सिर से ऊपर चला गया तब लड़की के माता पिता दिल्ली के जाफराबाद पुलिस स्टेशन पहुंचे। लड़की के बयान को दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मनचले को पकड़ने के लिए पुलिस ने स्पेशल टीम का गठन भी किया है।