Illegal Car Racing In Mumbai: मुंबई के जोगेश्वरी इलाके में बीती रात एक तेज रफ्तार पोर्श कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए हैं, हालांकि गनीमत रही कि इसमें जनहानि नहीं हुई। इस घटना के दौरान कार में सवार दो लोगों में से ड्राइवर को गंभीर चोट लगी है।
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। पश्चिमी एक्सप्रेस हाईवे पर एक तेज रफ्तार लग्जरी कार हादसे का शिकार हो गई। जानकारी के अनुसार, एक पोर्श कार कथित रूप से बीएमडब्ल्यू कार से रेस कर रही थी, तभी नियंत्रण खो बैठी और जोरदार टक्कर के साथ सड़क के डिवाइडर से जा टकराई।
विज्ञापन
प्रत्यक्षदर्शियों का दावा- 150 किमी की रफ्तार से दौड़ रही थी कारें
यह हादसा जोगेश्वरी मेट्रो स्टेशन के नीचे पश्चिमी एक्सप्रेस हाईवे पर रात करीब 2 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों गाड़ियां करीब 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही थीं। अचानक पोर्श कार का संतुलन बिगड़ा और वह डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी को भारी नुकसान पहुंचा और उसके अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए।
घटना के वक्त कार में सवार थे दो लोग
जानकारी के मुताबिक, घटना के वक्त कार में दो लोग सवार थे। इस हादसे में ड्राइवर को गंभीर चोटें आईं। हालांकि एयरबैग खुलने से बड़ी जानहानि टल गई। इस मौके पर मौजूद राहगीरों और पुलिसकर्मियों ने तुरंत घायल को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना की जांच में जुटी स्थानीय पुलिस
इस हादसे के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल यह देखा जा रहा है कि हादसा वाकई रेसिंग की वजह से हुआ या किसी और कारण से हुआ है। पुलिस इस कड़ी में हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। बता दें महाराष्ट्र और मुंबई के कई हिस्सों में तेज रफ्तार और रेसिंग की वजह से हो रहे इस तरह के हादसे लगातार चिंता बढ़ा रहे हैं। यह हादसा एक बार फिर बताता है कि सड़क पर लापरवाही और रेसिंग करना कितना खतरनाक हो सकता है।