पश्चिम बंगाल के नादिया जिले में एक व्यक्ति अपनी पत्नी को उसके साथ भेजने की मांग करते हुए अपनी ससुराल में ही धरने पर बैठ गया। आलोक मलिक की हाल ही में संगीता घोष से शादी हुई थी।
संगीता ने अपने माता-पिता की मर्जी के खिलाफ यह शादी की थी। दोनों पहले से एक दूसरे को जानते थे और संगीता हाल ही में 18 साल की हुई थी, जिसके बाद उन्होंने मंदिर में शादी कर ली, जो पंजीकृत है।
आलोक का दावा है कि संगीता हाल ही में अपने पिता के घर मिलने गई थी, लेकिन उसके बाद उन्होंने उसे नहीं लौटाया। माता-पिता ने संगीता की पिटाई भी की और उसे कहीं और भेज दिया।
उसके बाद आलोक अपनी शादी की फोटो वाली तख्तियों और शादी के प्रमाणपत्र की कॉपी के साथ धरने पर बैठ गया और अपनी पत्नी को लौटाने की मांग करने लगा। उसने इस मामले में स्थानीय लोगों से भी मदद की अपील की।