केरल के कन्नूर जिले से आतंकी समूह आईएस के लिए लड़ने गए युवक की सीरिया में हत्या कर दी गई। 30 वर्षीय अब्दुल मनफ कन्नूर जिले के वलापट्टनम का रहने वाला था। उसकी हत्या सीरिया में नवंबर 2017 में कर दी गई थी।
पुलिस ने बताया कि इस बात की खबर उसके रिश्तेदार को 17 जनवरी को मनफ के दोस्त से मिली थी जो कि उसके साथ ही
सीरिया में था। दोस्त ने यह जानकारी टेलीग्राम मैसेंजर एप से शेयर की थी।डिप्टी एसपी पीपी सदानंदन ने कहा कि अब्दुल मनफ की मौत की खबर सच है वो नवंबर में हुए हमले में मार दिया गया था। यह बात उसके दोस्त कयूम ने बताई थी जो कि उसके साथ ही सीरिया में आईएस के लिए लड़ रहा था।
मनफ केरल का स्थानीय नेता था जो कि पॉपुलर फ्रंट इंडिया के साथ जुड़ा था। पुलिस ने बताया कि आईएस में शामिल होने से बाद उसने दिल्ली में कुछ समय तक संगठन कार्यालय सचिव के तौर पर भी काम किया। उन्होंने कहा मनफ साल 2009 में सीपीआई(एम) कार्यकर्ता की हत्या में भी शामिल था।
सदानंदन ने बताया कि कन्नूर जिले से करीब 15 लोग आंतकी संगठन आईएस से जुड़े हैं। इनमें से मनफ समेत करीब छह लोग सीरिया में मारे गए हैं। जबकि 5 को गिरफ्तारी के बाद पूछताछ के लिए एनआईए को सौंप दिया गया है। बाकी अन्य 4 लोग सीरिया में आईएस के लिए लड़ रहे है।