थाना बेवर क्षेत्र के गांव नगला ताल में बसपा को वोट डालने पर दलित युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सूचना मिलने के बाद अधिकारी पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंच गए। काफी देर तक अस्पताल में भी हंगामा चलता रहा। मृतक के पिता ने बताया कि आरोपी ने पहले पूछा की वोट किसे दिया है। बसपा का नाम लेने पर पहले पीटा और उसके बाद गोली मारकर हत्या कर दी।
पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं देर शाम मृतक के परिजनों ने जो तहरीर दी उसमें कहीं भी उक्त घटना का जिक्र तक नहीं था। लोगों का कहना है कि पुलिस ने दबाव में तहरीर बदलवाई है। घटना के बाद से आरोपी फरार है।
भोगांव विधानसभा के तहत थाना बेवर क्षेत्र के गांव नगला ताल में रविवार शाम को मतदान प्रक्रिया चल रही थी। गांव निवासी दलित आलोक कुमार (24) चार बजे वोट डालकर घर लौट रहा था। तभी रास्ते में गांव निवासी ठाकुर विक्रम सिंह ने रोक कर कहा कि तूने किसे वोट दिया है। आलोक ने जवाब दिया कि बसपा को।