बीते दिनों देश के कई हिस्सों से पशु क्रूरता को लेकर कई मामले सामने आए हैं। पहले केरल के पलक्कड़ जिले में एक हथिनी की मौत का मामला सामने आया तो उसके बाद तेलंगाना में एक बंदर को फंदे से लटकाकर मारने की घटना सामने आई। ताजा मामला ओडिशा के एक गांव का है, जहां कथित तौर पर ग्रामीणों ने एक मगरमच्छ को मारकर उसे अपना भोजन बना लिया। पढ़िए पूरा मामला...
घटना ओडिशा के एक गांव कलड़पल्ली की है। आरोप है कि यहां कुछ ग्रामीणों ने एक मगरमच्छ को मारकर उसे भोजन बना लिया। यह गांव मलकानगिरि के पोड़िया ब्लॉक में आता है। जिला वन अधिकारी प्रदीप मिरास ने कहा है इस मामले की जांच की जा रही है। इसके लिए तीन दल गठित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जांच में सच्चाई सामने आने के बाद दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
तेलंगाना में निर्मम तरीके से कर दी गई थी बंदर की हत्या
इससे पहले तेलंगाना में बंदर के साथ क्रूरता का मामला सामने आया था। 26 जून को राज्य के खम्मम जिले के वेमसूर गांव में तीन लोगों ने एक बंदर को निर्मम तरीके से फंदे से लटकाकर उसकी हत्या कर दी थी। इस मामले में तीन लोग गिरफ्तार भी किए गए थे लेकिन बाद में उन्हें जमानत दे दी गई थी। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया था कि स्थानीय लोग बंदरों से परेशान थे और इन्होंने अन्य बंदरों को भगाने के लिए ऐसा किया था
केरल में गर्भवती हथिनी को खिला दिए थे पटाखे भरे फल
इससे पहले 27 मई को केरल के पलक्कड़ जिले में खाने की तलाश में शहर की ओर आई एक गर्भवती हथिनी को कुछ लोगों ने पटाखे भरे फल खिला दिए थे, जिससे उसके मुंह में धमाका हो गया था और उसका निचला जबड़ा चोटिल हो गया था। बाद में उसकी मौत हो गई थी। इस घटना में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था। इस निर्मम घटना की पूरे देश ने आलोचना की थी।