मुंबई के घाटकोपर इलाके में एक चार्टर्ड विमान क्रैश हो गया है। विमान के एक निर्माणाधीन बिल्डिंग से टकराने के बाद आग लग गई। ये घटना घाटकोपर के सर्वोदय नगर इलाके के प्रसिद्ध जाग्रूति बिल्डिंग के करीब की बताई जा रही है। पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम पहुंच चुकी है और आग बुझाने का काम शुरू कर दिया गया है। वहीं मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटनास्थल पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह विमान 2014 तक यूपी सरकार के पास था लेकिन इलाहाबाद में हुई एक दुर्घटना के बाद इसे यूवाई एविएशन बांबे को बेच दिया गया था। बता दें कि विमान दुर्घटना के कारणों का अभी खुलासा नहीं सका है। हालांकि बताया जा रहा है कि कंपनी मरम्मत के बाद विमान को चला रही थी। और विमान टेस्ट फ्लाइन के लिए निकला था।
यूपी के सिविल एविएशन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता मुंबई में हुए प्लेन क्रैश पर कहा कि 'इस घटना से यूपी सरकार का कोई लेना-देना नहीं है। सरकार ने 2014 में उस एयरक्राफ्ट को एक प्राइवेट एविएशन कंपनी को बेच दिया था और अब वह कंपनी ही उसके रख-रखाव के लिए जिम्मेदार है।
विमान का ब्लैक बॉक्स मिल गया है। जिससे यह पता लग सकेगा कि आखिर यह क्यों और कैसे क्रैश हुआ था। दूसरी ओर नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने घटना की जांच के आदेश जारी कर दिये हैं।