राहुल गांधी को अक्सर ऐसी सलाह मिलती रहती हैं। कभी विपक्षी दलों की ओर से तो कभी खुद की पार्टी में से। सभी को राहुल गांधी के ब्याह की चिंता है। बुधवार को प्रियंका गांधी की राजनीति में सक्रिय भूमिका की घोषणा होते ही राहुल की चिंता करने वाले भी एकाएक सक्रिय हो गए।
एक कार्टूनिस्ट ने लिख दिया कि ..और राहुल जी का ब्याह तुरंत करवाया जाए ताकि उनके बच्चे को 2044 का चुनाव लड़वाया जा सके। कार्टून के इसी हिस्से में लिखा था—प्रियंका बनी कांग्रेस महासचिव। एक अन्य कार्टून में लिखा गया, नो कमेंट..उनके पारिवारिक मामलों में बोलने वाले हम कौन।
बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की शादी को लेकर अनेक कार्टून बनते रहे हैं। पिछले साल रायबरेली से एक महिला विधायक की राहुल गांधी के साथ शादी होने की खबर मीडिया में फैल गई थी। बाद में उक्त विधायक ने ट्वीट कर जानकारी दी कि राहुल मेरे राखी भाई हैं। इससे पहले राहुल गांधी जब हैदराबाद दौरे पर गए थे तो वहां एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों ने उनसे पूछा कि आपकी शादी की क्या योजना है।
इसका राहुल ने मजेदार जवाब देते हुए कहा कि उनकी शादी तो हो चुकी है। बाद में राहुल ने खुलासा किया कि उनकी शादी कांग्रेस से हुई है। राहुल गांधी ने जब पार्टी अध्यक्ष की कमान संभाली तो इस तरह के कार्टून बनाए गए थे। उन कार्टूनों में कहा गया कि राहुल की शादी तो कराई नहीं, मगर उन पर एक बड़ी जिम्मेदारी थोप दी है। राहुल जब कभी विदेश दौरे पर जाते हैं, तो उनकी शादी के कार्टून बनने लगते हैं।