फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पूर्वोत्तर पर मेहरबान उड्डयन मंत्रालय, जनवरी से इंफाल टू दिल्ली फ्लाइट

Wed, 22 Nov 2017 01:23 PM IST
संजय मिश्र, इंफाल
विज्ञापन
दिल्ली टू इंफाल फ्लाइट - फोटो : File Photo
विज्ञापन
पूर्वोत्तर के राज्यों पर केंद्रीय उड्डयन मंत्रालय की विशेष मेहरबानी बरसी है। इंफाल से दिल्ली के बीच सीधी उड़ान सेवा के ऐलान के साथ नागरिक उड्डयन मंत्री जयंत सिन्हा ने पूर्वोत्तर के राज्यों के लिए कई परियोजनाओं की घोषणा की। 
विज्ञापन


यहां मंगलवार को पूर्वोत्तर विकास सम्मेलन में जयंत सिन्हा ने कहा कि राज्यपाल नजमा हेपतुल्ला पिछले कई महीनों से उनसे इंफाल-दिल्ली के बीच सीधी उड़ान सेवा की मांग कर रही थीं। जयंत सिन्हा ने कहा कि इंफाल से दिल्ली के बीच सीधी उड़ान सेवा जनवरी से शुरू हो जाएगी। शुरू में यह सेवा सप्ताह में दो-तीन दिन के लिए रहेगी, लेकिन जल्द ही इसे रोजाना कर दिया जाएगा। 

सिन्हा ने बताया कि बीते दो सालों में पूर्वोत्तर में हवाई सेवा दोगुनी हुई है। पूर्वोत्तर में पहले 10 करोड़ लोग हवाई यात्रा करते थे, लेकिन यह आंकड़ा अब 20 करोड़ पहुंच गया है। गुवाहाटी से पहले 30 उड़ानें रोजाना थीं। आज यह बढ़कर 90 के करीब पहुंच गई हैं। बावजूद उसके गुवाहाटी से उड़ानों की मांग अब भी बनी हुई है। 
विज्ञापन


ये भी पढ़ेंः दिल्ली में जहरीली हवा बरकरार, विदेशी एयरलाइंस ने रद्द की उड़ानें

गुवाहाटी में जल्द नया एयरपोर्ट टर्मिनल
जयंत सिन्हा ने ऐलान किया कि सिक्किम का पेकियांग हवाई अड्डा अब तैयार है। सेवा शुरू करने के लिए पीएम नरेंद्र मोदी के समय का इंतजार हो रहा है। जनवरी में कभी भी पेकियांग से उड़ान की सेवा शुरू हो जाएगी। 

केंद्र सरकार को पूर्वोत्तर हितैषी करार देते हुए सिन्हा ने कहा कि उड़ान योजना के तहत पूर्वोत्तर के अलग-अलग राज्यों में 19 हवाई जहाज सेवा और 7 हेली सेवा के लिए अड्डे तैयार किए जाएंगे। इनकी प्रक्रिया अंतिम दौर में है। यहां के लिए 92 नए हवाई रूट तय किए गए हैं, जिन पर जोरों से कार्य चल रहा है। इससे पयर्टन क्षेत्र को ताकत मिलेगी। इसके साथ ही सिन्हा ने बताया कि गुवाहाटी में एक नया एयरपोर्ट टर्मिनल तैयार किया जाएगा।
विज्ञापन

पूर्वोत्तर के लिए सीप्लेन 

जयंत सिन्हा - फोटो : File Photo
जयंत सिन्हा ने बताया कि स्पाइस जेट कंपनी काफी संख्या में सीप्लेन की खरीदारी कर रही है। 10 से 12 सीटों वाले ये जहाज जल और थल दोनों जगह से उड़ान भर सकते हैं। इनका परिचालन पूर्वोत्तर के राज्यों में होगा।

घरेलू उड़ानों से जा सकेंगे बांग्लादेश, म्यांमार
जयंत सिन्हा ने कहा कि उड़ान योजना के तहत हमारा जोर घरेलू उड़ान सेवाओं की मजबूती तक ही सिमटा नहीं हैं, बल्कि हमने बिमटेक देशों के बीच देशी उड़ान सेवाओं के मान्यता की पहल की है।

उन्होंने बताया कि बांग्लादेश, भूटान और म्यांमार के साथ बातचीत अंतिम दौर में है। घरेलू उड़ान सेवाओं के जरिए इन देशों की यात्रा की जा सकती है। सिन्हा ने कहा कि केंद्र सरकार रेल और सड़क के माध्यम से भी पूर्वोत्तर राज्यों के बीच संपर्क बढ़ा रही है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें