संसद के मानसून सत्र में आठवें वेतन आयोग को लेकर सवाल पूछे जा रहे हैं। इन सवालों में आठवें केंद्रीय वेतन आयोग के गठन की आधिकारिक अधिसूचना जारी होने की तिथि, आयोग के अध्यक्ष एवं सदस्यों के चयन की संभावित समय-सीमा और आयोग द्वारा अपनी सिफारिशें प्रस्तुत करने के लिए कोई विशिष्ट समय-सीमा निर्धारित करना, आदि शामिल हैं। खास बात है कि सरकार ने उक्त सवालों के जवाब में कोई भी एक तिथि निर्धारित नहीं की है। मतलब, कब आधिकारिक अधिसूचना जारी होगी और कब आयोग के अध्यक्ष एवं दूसरे सदस्यों की नियुक्ति होगी, इस बाबत कोई सूचना नहीं है। इतना ही नहीं, आयोग द्वारा अपनी सिफारिशें प्रस्तुत करना, इसके लिए भी कोई विशिष्ट समय-सीमा निर्धारित नहीं की गई है।
आठवें वेतन आयोग के गठन को लेकर केंद्रीय कर्मचारी संगठन, मुखर हो रहे हैं। केंद्रीय कर्मियों की मांगों को संसद सदस्यों का भी समर्थन मिल रहा है। संसद सत्र के पहले ही दिन यह सवाल पूछा गया था कि केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए क्या आठवें वेतन आयोग के गठन को अधिसूचित किया गया है। राज्यसभा में भुबनेश्वर काल्निता ने पूछा था, क्या सरकार को आठवें वेतन आयोग के मद्देनजर विचारार्थ विषय तैयार करने के लिए संयुक्त परामर्शदात्री तंत्र की राष्ट्रीय परिषद् (एनसी-जेसीएम) से कोई सुझाव प्राप्त हुआ है, यदि हां, तो परिषद् के मुख्य सुझाव क्या हैं। आठवें वेतन आयोग के लिए जेसीएम की तरफ से सिफारिशों का एक पिटारा, सरकार को सौंपा गया है। इसमें 5 वर्ष में पेंशन वृद्धि और डॉ. एक्रोयड फार्मूले में बदलाव, ऐसे कई अहम सुझाव दिए गए हैं। रेल और रक्षा उद्योग के कर्मियों के हितों के लिए विशेष सुझावों की प्रति सरकार को दी गई है।
राज्यसभा में 29 जुलाई को सागरिका घोष ने वित मंत्री से तीन सवाल पूछे थे। पहला, आठवें केंद्रीय वेतन आयोग (सीपीसी) के गठन को मंजूरी देने वाली आधिकारिक अधिसूचना जारी होने की तिथि क्या है। दूसरा, क्या आठवें केंद्रीय वेतन आयोग के नामों का चयन अंतिम रूप से हो गया है, यदि हां, तो उनके नाम, पदनाम और आधिकारिक नियुक्ति आदेशों का ब्यौरा क्या है और यदि नहीं, तो उनके चयन की संभावित समय-सीमा क्या है। तीसरा सवाल, आठवें केंद्रीय वेतन आयोग को सौंपे गए विचारार्थ विषय (टीओआर) क्या हैं और क्या मंत्रालय ने आयोग द्वारा अपनी सिफारिशें प्रस्तुत करने के लिए कोई विशिष्ट समय-सीमा निर्धारित की है, यदि हां, तो तत्संबंधी ब्यौरा क्या है और यदि नहीं, तो इसके क्या कारण हैं।
वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने पहले सवाल के जवाब में बताया कि सरकार ने 8वें केंद्रीय वेतन आयोग (सीपीसी) के गठन का निर्णय लिया है। प्रमुख हितधारकों से इनपुट मांगे गए है। आधिकारिक अधिसूचना यथासमय जारी की जाएगी। दूसरे सवाल के जवाब में कहा, सरकार द्वारा 8वें केंद्रीय वेतन आयोग को अधिसूचित कर दिए जाने के बाद आयोग के अध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति की जाएगी। तीसरे सवाल का जवाब देते हुए वित्त राज्य मंत्री ने बताया, रक्षा मंत्रालय, गृह मंत्रालय, कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग और राज्यों सहित प्रमुख हितधारकों से इनपुट मांगे गए है।
आयोग विचारार्थ विषय में निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपनी सिफारिशें देगा। वित्त राज्य मंत्री ने राज्यसभा सांसद सागरिका घोष ने तीनों ही सवालों के जवाब में तिथि या विशिष्ट समय-सीमा निर्धारण की बात नहीं कही। पिछले दिनों संयुक्त परामर्शदात्री तंत्र की राष्ट्रीय परिषद (एनसी-जेसीएम) ने कैबिनेट सचिव से मुलाकात कर उन्हें आठवें वेतन आयोग के गठन में हो रही देरी के चलते कर्मचारियों की चिंता से अवगत कराया था।